बहराइच जिले में 2 दिन से गायब नव विवाहिता का संदिग्ध परिस्थितियों में पेड़ से लटका शव मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई है। मृतका के पिता ने दहेज हत्या का आरोप लगाया है।
उत्तर प्रदेश के बहराइच जिले में एक विवाहिता की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत से हड़कंप मच गया। उसका शव गांव के पास एक बाग में पेड़ से लटका मिला। घटना की जानकारी मिलते ही परिजन मौके पर पहुंचे और ससुराल पक्ष पर गंभीर आरोप लगाए। पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेजकर जांच शुरू कर दी है।
बहराइच जिले के रिसिया थाना क्षेत्र के अंतर्गत आने वाले लतीफपुरवा गांव से जुड़ा है। मृतका के पिता शौकत खान ने बताया कि उन्होंने अपनी बेटी शाजरुन की शादी करीब 12 वर्ष पूर्व बढ़गावा गांव निवासी गुड्डन के साथ की थी। शुरुआती वर्षों में सब कुछ सामान्य रहा। लेकिन पिछले कुछ समय से दहेज को लेकर विवाद बढ़ने लगा था।
पिता का आरोप है कि ससुराल पक्ष उनकी बेटी पर मोटरसाइकिल लाने का दबाव बना रहा था। उनका कहना है कि उन्होंने अपनी छोटी बेटी को बाइक दी थी। जिसके बाद से शाजरुन के पति और अन्य ससुराल वाले उससे भी वही मांग करने लगे। मांग पूरी न होने पर उसे मानसिक रूप से प्रताड़ित किया जाता था।
परिजनों के अनुसार दो दिन पहले ससुराल वालों ने फोन कर शाजरुन के लापता होने की सूचना दी थी। इसके बाद परिवार चिंतित हो गया। मंगलवार को गांव के समीप एक बाग में पेड़ की डाल से उसका शव लटका मिला। पिता का कहना है कि शव के पैर जमीन को छू रहे थे। जिससे उन्हें आत्महत्या की बजाय हत्या की आशंका है। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर जिला अस्पताल की मर्चरी भिजवा दिया। बुधवार को चिकित्सकों की निगरानी में पोस्टमार्टम कराया गया।
पुलिस मामले के सभी पहलुओं की गंभीरता से जांच की जा रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के वास्तविक कारण स्पष्ट हो सकेंगे। फिलहाल पुलिस परिजनों के आरोपों और अन्य साक्ष्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की तैयारी कर रही है।