शहर में पर्व विशेष को लेकर कार्यक्रमों का दौर जारी मुस्लिम बंधुओं ने मिलादुन्नबी पर्व पर सजाई गलियां
पैगंबरे इस्लाम हजरत मोहम्मद साहब की यौमे पैदाइश पर मनाया जाने वाला पर्व जश्ने ईद मिलादुन्नबी शुक्रवार को जिला मुख्यालय सहित देश में हर्षोल्लास के साथ मनाया जाएगा। धर्मावलंबियों ने सबसे बड़े पर्व को लेकर शहर में तमाम तरह की तैयारियां पूर्ण कर ली है। इस साल भी शहर में जुलूस ए मोहम्मदी पूरी शानो शौकत के साथ निकाला जाएगा। शहर की तमाम मस्जिदों, मदरसों सहित अन्य इबादतगाहो को दुल्हन की तरह सजाया गया है। इसके अलावा मुस्लिम बाहुल्य इलाकों के विभिन्न चौक चौराहों और मार्गों में विशेष लाइटिंग लगाकर आकर्षक रोशनी लगाई गई है। जगह-जगह आकर्षक पंडाल, इस्लामी बैनर, पोस्टर और हरे रंग के झंडे व तोरन से इलाकों को सजाया गया है। इसके अलावा घर-घर झंडे, मरकरी, तोरन, रंग बिरंगी लाइटिंग लगाकर पैगंबर साहब की यौमें पैदाइश का जश्न मनाया जा रहा है। मस्जिदों मदरसों, गली मोहल्लो सहित घरों, विभिन्न चौक चौराहों पर नात खानी, कुरान खानी, यौमे पैदाइश का वाकया, तकरीर आदि कार्यक्रमों का दौर जारी है। जगह-जगह ईद मिलादुन्नबी की पूर्व संध्या से विभिन्न कार्यक्रमों का आयोजन शुरू कर दिए गए हैं।
जश्ने ईद मिलादुन्नबी पर शुक्रवार सुबह 8.45 बजे जामा मस्जिद चौक में पेश इमाम द्वारा परचम कुशाई झंडा फहराया जाएगा। सलातो सलाम के बाद करीब 09 बजे जुलूस ए मोहम्मदी शहर के गस्त के लिए रवाना होगा। जामा मस्जिद से अंजुमन शादी हाल, चांदनी चौक बैहर रोड मार्ग से शास्त्री चौक होते हुए मरारी मोहल्ला से देवी तलाब रोड, महाराणा प्रताप चौक से मेन रोड होते हुए हक्कू शाह बाबा दरगाह के सामने से काली पुतली चौक, अस्पताल होते हुए वापस बैहर रोड जामा मस्जिद आएगा। सलातो सलाम का नजराना पेश कर देश में अमन, चैन, शांति और आपसी भाईचारे की दुआएं कर जुलूस ए मोहम्मदी का समापन होगा। शाम को अंजुमन शादी हाल में लंगरे आम का आयोजन किया जाएगा। पूरे दिन विशेष नमाज, घर घर फातिहा खानी, लंगर सहित विभिन्न कार्यक्रम किए जाएंगे।
पर्व विशेष को लेकर अंजुमन इस्लामिया कमेटी की जानिब से बताया गया कि हर साल की तरह इस साल भी जश्ने ईद मिलादुन्नबी का पर्व पूर्ण अकीदतो के साथ मनाया जाएगा। जुलूस ए मोहम्मदी में डीजे बजाने, नाचने गाने व हुड़दंग मचाने की मनाई की है। अमनो अमान के साथ जुलूस ए मोहम्मदी में शरीक होकर हकीकतों के साथ पर्व मनाने की गुजारिश की है।