
deputy commandant accused of beating school student, एसपी ऑफिस में शिकायत करने पहुंचा छात्र व परिजन (Source-Patrika)
Balaghat School Student Assault Case: मध्यप्रदेश के बालाघाट जिले में एक डिप्टी कमांडेंट पर स्कूल में घुसकर छात्र को पीटने के आरोप लगे हैं। घटना जिले के गर्रा मांझापुर स्थित सतपुड़ा वैली पब्लिक स्कूल की है। पीड़ित छात्र के परिजनों का आरोप है कि 36वीं वाहिनी के डिप्टी कमांडेंट संतोष डेहरिया ने बच्चे के साथ मारपीट की और फिर उसे गर्दन पकड़कर तीसरी मंजिल से फेंकने की धमकी दी। पीड़ित छात्र के परिजन ने एसपी कार्यालय पहुंचकर कार्रवाई की मांग की है।
एसपी ऑफिस पहुंचे पीड़ित छात्र के परिजनों ने बताया कि उनका बेटा सतपुड़ा वैली स्कूल में 5वीं कक्षा में पढ़ता है। इसी क्लास में डिप्टी कमांडेंट संतोष डेहरिया का बेटा भी पढ़ता है। दोनों बच्चों के बीच किसी बात को लेकर स्कूल में विवाद हुआ था। विवाद होने की बात डिप्टी कमांडेंट के बेटे ने घर जाकर पिता को बताई। आरोप है कि इसके बाद डिप्टी कमांडेंट संतोष डेहरिया स्कूल पहुंचे और सीधे कक्षा में जाकर उनके बेटे की पिटाई कर दी। परिजनों का ये भी कहना है कि डिप्टी कमांडेंट ने बच्चे को धमकी भी दी कि तीसरी मंजिल से फेंक दूंगा।
पीड़ित छात्र को लेकर उसके परिजन शनिवार को एसपी कार्यालय पहुंचे और आवेदन देकर एसपी से कार्रवाई की मांग की है। इस दौरान पीड़ित के परिजनों ने ये भी बताया कि डिप्टी कमांडेंट ने कक्षा के दूसरे छात्रों को भी धमकाया कि किसी को कुछ मत बताना। परिजनों का आरोप है कि स्कूल प्रबंधन ने भी मामले को दबाने की कोशिश की। पीड़ित परिवार का कहना है कि बच्चे के साथ भविष्य में कोई अनहोनी न हो, इस आशंका के चलते शिकायत दर्ज कराई है। वहीं ये जानकारी भी मिल रही है कि स्कूल प्रबंधन ने डिप्टी कमांडेंट के बेटे को स्कूल से टीसी दे दी है।
Updated on:
10 Oct 2026 08:13 pm
Published on:
10 Oct 2026 07:42 pm
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.
