बालाघाट

अफवाहों की बानगी दहशत में ग्रामीणजन

किडनी चोरों की आशंका पर अंजान लोगों से मारपीट कर रहे ग्रामीण, बिगड़ रहा गांवों का शांति व्यवस्था का माहौल, अफवाह के चलते, नेवरगांव कला में फैला तनाव

2 min read
Jun 18, 2018
crime
अफवाहों की बानगी दहशत में ग्रामीणजन

बालाघाट. जिले में इन दिनों सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रही किडनी चोरों के मैसेज ने आमजनों के साथ ही पुलिस विभाग की भी नींद उड़ा रखी है। अफवाहों से भरे ऐसे मैसेज से खासकर जिले के ग्रामीण अंचलों में दहशतगर्दी का माहौल निर्मित हो गया है। ग्रामीण इतने खौफजदा हो गए हैं कि शाम ढलते ही घरों में दुबक रहे हैं। वहीं अपने बच्चों को भी अकेले खेलने व अन्य कारणों से जाने नहीं दे रहे हैं। इसके अलावा अंजान लोगों को देखकर आशंकित होकर मारपीट किए जाने के मामले भी लगातार सामने आ रहे हैं।
कुछ ऐसा ही मामला सोमवार को भी सामने आया। किरनापुर थाना क्षेत्र के नेवरगांव कला के कुछ ग्रामीणों ने रविवार की देर रात्रि किडनी चोर की आशंका पर दो युवकों की बेदम पिटाई कर दी। वहीं उनके दो पहिया वाहन को भी आग के हवाले कर दिया। खबर लगते ही पुलिस ने दोनों युवकों को अपनी अभिरक्षा में लिया। इसके बाद सोमवार की सुबह ग्रामीणों का आक्रोश भड़क उठा। जिनके द्वारा उक्त दोनों युवकों पर कार्रवाई किए जाने और उन्हें ग्रामीणों के समक्ष प्रस्तुत किए जाने की मांग को लेकर बड़ी संख्या में एकत्रित होकर नेवरगांव चौक पर टायर जलाकर प्रदर्शन किया गया। माहौल बिगड़ता देख मौके पर भारी पुलिस बल तैनात किया गया। गांव में देर शाम तक तनाव की स्थिति रही। वहीं पुलिस ने स्थिति को नियंत्रित करने हल्का बल प्रयोग व आंसू गैस के गोले दागकर करीब आधा सैकड़ा युवकों को हिरासत में लिया है। जिन पर बलवा कायम किया जा रहा है। पुलिस के अनुसार आरोपित युवक अपनी रिस्तेदारी में मिलने नेवरगांव कला आए थे। जिन्हें ग्रामीणों ने किडनी चोर समझ लिया।
यह रहा घटनाक्रम
मौके पर बड़ी संख्या में ग्रामीणों की भीड़ व आक्रोश के बाद मौके पर विधायक हिना कावरे, किरनापुर तहसीलदार, एडीएसपी आकाश भूरिया, एसडीओपी निखिल पटेल, सीएसपी, यातायात थाना प्रभारी सहित दो थानों का पुलिस बल वज्र वाहन के साथ तैनात रहा। विधायक द्वारा भी अफवाहों पर ध्यान नहीं दिए जाने समझाईश दी। इसके बाद भी स्थिति नियंत्रित नहीं होने पर पुलिस ने बल प्रयोग करते हुए आधा सैकड़ा से अधिक गिरफ्तारियां की। जिन्हें देर शाम परसवाड़ा विधायक मधु भगत के हस्तक्षेप के बाद छोड़ दिया गया।

Published on:
18 Jun 2018 08:30 pm