
Balaghat EOW Raid: मध्यप्रदेश के बालाघाट जिले में आर्थिक अपराध शाखा (EOW) की टीम ने गुरूवार को बड़ी कार्रवाई शुरू की है। जिले के लांजी क्षेत्र के नीमटोला निवासी विलास चौरे के घर गुरुवार तड़के जबलपुर EOW की टीम ने छापामार कार्रवाई की। चौरे मनेरी सेवा सहकारी समिति में प्रभारी प्रबंधक के पद पर कार्यरत हैं। EOW के अनुसार, करीब 12 साल की नौकरी में उनकी ज्ञात आय लगभग 25 लाख रुपए है, जबकि जांच के दौरान आय से काफी अधिक संपत्ति और निवेश से जुड़े दस्तावेज सामने आए हैं।
DSP मंजीत सिंह के नेतृत्व में करीब डेढ़ दर्जन अधिकारियों की टीम ने सुबह करीब 6 बजे चौरे के आवास पर पहुंचकर जांच शुरू की। कार्रवाई के दौरान टीम को 5 बस, 2 ट्रैक्टर, 3 दोपहिया और 4 चारपहिया वाहन, मकान, बिसोनी में कृषि भूमि, बैंक खातों, LIC और निजी बैंक की बीमा पॉलिसियों से जुड़े दस्तावेज मिले हैं।
EOW के मुताबिक, चौरे वर्ष 2014 में सेवा सहकारी समिति में दैनिक वेतन भोगी के रूप में पदस्थ हुए थे। वर्तमान में वे प्रभारी प्रबंधक के रूप में कार्यरत हैं। अधिकारियों ने बैंक खातों में जमा राशि और अन्य वित्तीय जानकारी जुटाने के लिए संबंधित बैंकों को पत्र भेजे हैं। संपत्ति और निवेश से जुड़े दस्तावेजों की भी जांच की जा रही है।
बताया गया है कि परिवार के नाम कृषि यंत्रों का कारोबार भी संचालित होता है। इसके अलावा ‘मातोश्री’ नाम से बालाघाट-हैदराबाद रूट पर बस संचालन की जानकारी सामने आई है।चौरे ने EOW की कार्रवाई में पूरा सहयोग करने की बात कही। उनका कहना है कि शिकायत जलन की भावना से की गई है और उनकी छवि खराब करने की साजिश है। उन्होंने कहा कि यदि जांच में वे दोषी पाए जाते हैं तो कार्रवाई के लिए तैयार हैं।
EOW ने भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम के तहत प्रकरण दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। अधिकारियों के अनुसार, जांच पूरी होने के बाद ही आय और संपत्ति के वास्तविक अंतर की स्थिति स्पष्ट होगी।