
बालाघाट. लालबर्रा क्षेत्र के ग्राम पंचायत टेकाड़ी में रानू गाड़ेश्वर (१८) की कुएं में गिरने से मौत हो गई। सूचना मिलने पर लालबर्रा पुलिस मौके पर पहुंची। पंचनामा कार्रवाई कर मामले को जांच में लिया है। इस घटना के बाद से गांव में गमगीन माहौल बना हुआ है। घटना की सूचना मिलते ही बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर पहुंचे।
पुलिस ने बताया कि ग्राम टेकाड़ी के वार्ड क्रमांक 2 निवासी शंकरलाल गाड़ेश्वर की पुत्री रानू गाड़ेश्वर दोपहर 2.30 बजे घर के कुएं में कपड़े धो रही थी। इसी दौरान वह पानी निकालने के लिए कुएं में लगी लकड़ी के उपर खड़े होकर रस्सा बाल्टी से पानी निकाल रही थी। तब ही यह लकड़ी टूट गए। जिसके कारण वह सीधे कुएं में गिर गई। आवाज आने पर परिजन कुएं के पास पहुंचे। कुएं में पानी हिलता हुआ नजर आने पर परिजनों ने शोरशराब किया। कुछ देर बाद रानू का शव पानी में तैरता हुआ नजर आया। जिसकी जानकारी ग्राम सरपंच के अलावा स्थानीय पुलिस थाना को दी गई। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर पंचनामा कार्रवाई कर शव का पीएम कराकर परिजनों को सौंप दिया। वहीं मर्ग कायम कर मामले को जांच में लिया।
नहर में मिला अज्ञात व्यक्ति का शव
रामपायली. स्थानीय थाना क्षेत्र के अंतर्गत ग्राम गर्रा के नहर में गुरुवार को एक अज्ञात युवक का शव मिला है। सूचना मिलने पर रामपायली पुलिस मौके पर पहुंची। पंचनामा कार्रवाई कर शव का पीएम कराया। वहीं शव को दफन कर दिया। रामपायली थाना प्रभारी विजय सिंह सिसोदिया ने बताया कि मृतक युवक की उम्र करीब ३५-४० वर्ष की है। यह शव नहर में बहकर आया है। जो नहर के पुल में फंस गया था। मृतक की अभी शिनाख्त नहीं हो पाई है। मर्ग कायम कर मामले की जांच की जा रही है।
गाज गिरने से एक बैल की मौत
बालाघाट. मॉयल नगरी उकवा से तीन किलोमीटर दूर जगनटोला में गाज गिरने से एक बैल की मौत हो गई। मवेशी मालिक सचिव संघ जिलाध्यक्ष भजन वल्के ने बताया कि गुरूवार की सुबह घर के कोठे में बैल जोड़ी बंधी हुई थी। इस दौरान अचानक गरज चमक के साथ बारिश होने से आसमानी बिजली गिरने से एक बैल की मौत हो गई। बैल की कीमत करीब ३५,००० रुपए थी। मृत बैल का पोस्टमार्टम पशु चिकित्सक डॉ. विजय मानेश्वर के द्वारा किया गया। सचिव वल्के ने प्रशासन से शीघ्र मुआवजा देने की मांग की है।