भोपाल में मंत्री ने किया सम्मानित
बालाघाट. सेवानिवृत्त डॉक्टर राकेश पंड्या को बालाघाट जिले में टीकाकरण के क्षेत्र में उत्कृष्ट कार्य करने के लिए राज्यपाल आनंदी बेन पटेल और स्वास्थ्य मंत्री रूस्तम सिंह द्वारा प्रमुख सचिव स्वास्थ गौरी सिंह, स्वास्थ्य आयुक्त पल्लवी गोविल, मिशन संचालक राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन विश्वनाथन की उपस्थिति में सम्मानित किया गया है। मप्र विधानसभा भवन में 7 अप्रैल को नवीन वैक्सीन पीसीवी का शुभारंभ कार्यक्रम में डॉ पंड्या को सम्मानित किया गया है। यह बालाघाट जिले के लिए एक उपलब्धि है। सीएचएमओ डॉ मनोज पांडे, सीएस डॉ. अजय जैन, जिला टीकाकरण अधिकारी डॉ. परेश उपलप और जिला चिकित्सालय के सभी चिकित्सकों व स्टाफ ने इस उपलब्धि के लिए डॉ पंड्या को बधाई दी है। उल्लेखनीय है कि बालाघाट जिला बच्चों के टीकाकरण के मामले में प्रदेश का अग्रणी जिला है। यहां की जनता में अपने बच्चों के टीकाकरण के प्रति बहुत जागरूकता है।
समाज में वैमनस्यता, अशांति, अफवाह फैलाने वालों पर होगी कार्रवाई
सोशल मीडिया में पोस्ट करने पर होगी सख्त कार्रवाई
बालाघाट. यदि व्हाट्सएप पर कोई उन्माद, वैमनस्यता, समाज में अशांति फैलाने वाला मैसेज पोस्ट करता है तो ऐसे मैसेज को भेजने वाले का नंबर और उसके द्वारा भेजे गए मैसेज को पुलिस के सायबर सेल के व्हाट्स एप नंबर 9893261664 पर भेज दीजिए। पूर्व में पुलिस द्वारा व्हाट्सएप नंबर 7587605598 दिया गया था। उसे अपडेट कर सायबर सेल का व्हाट्सएप नंबर 9893261664 कर दिया गया है। इस नए व्हाट्सएप नंबर पर किसी भी व्यक्ति द्वारा पोस्ट किए गए उन्माद, वैमनस्यता, समाज में अशांति फैलाने मैसेज को सायबर सेल के व्हाट्स नंबर 9893261664 पर भेज कर पुलिस का सहयोग करें। जिससे पुलिस ऐसे समाज विरोधी लोगों के विरूद्ध कार्रवाई कर सकेगी।
नवोदय विद्यालय प्रवेश परीक्षा २१ को
बालाघाट.जवाहर नवोदय विद्यालय वारासिवनी में कक्षा 6 वीं में प्रवेश के लिए 21 अपै्रल को जिले के प्रत्येक विकासखंड में पूर्व निर्धारित केन्द्रों पर जवाहर नवोदय विद्यालय चयन परीक्षा 2018 का आयोजन किया गया है। जवाहर नवोदय विद्यालय चयन परीक्षा 2018 के लिए जिन अभ्यार्थियों ने ऑनलाइन आवेदन पंजीकृत किया है वे समीपस्थ कॉमन सर्विस सेन्टर जाकर प्रवेश पत्र डाउनलोड कर सकते हैं। जिन अभ्यार्थियों ने ऑफलाइन आवेदन पत्र प्राचार्य जवाहर नवोदय विद्यालय वारासिवनी को प्रस्तुत किया है वे प्रवेश पत्र डाउनलोड कर सकते हैं।
नवोदय विद्यालय समिति की वेबसाइट में जाकर प्रवेश पत्र डिस्प्ले होने पर प्रिन्ट कर लें। यद्यपि ऑफलाइन फार्म भरने वाले अभ्यार्थियों के प्रवेश पत्र जवाहर नवोदय विद्यालय द्वारा विद्यार्थी को प्रधानपाठक के माध्यम से उपलब्ध कराए जा रहे हैं। अभ्यार्थी, प्राचार्य जवाहर नवोदय विद्यालय वारासिवनी से सम्पर्क करके भी प्रवेश पत्र प्राप्त कर सकते हैं। इस संबंध में एक सहायता केन्द्र स्थानीय जवाहर नवोदय विद्यालय वारासिवनी में बनाया गया है।