बालाघाट

आयोजन-राष्ट्रीय युवा दिवस पर हुआ सूर्य नमस्कार, प्राणायाम

शरीर को निरोगी बनाने का सबसे सशक्त माध्यम है योग

less than 1 minute read
12_balaghat_103.jpg


बालाघाट. जिले में स्वामी विवेकानंद की जयंती राष्ट्रीय युवा दिवस के रुप में मनाई गई। इस अवसर पर सूर्य नमस्कार और प्राणायाम किया गया। सूर्य नमस्कार सुबह 9 से 9.45 बजे तक ऑल इंडिया रेडियो के माध्यम से एक साथ एक संकेत पर प्रसारित किया गया। स्थानीय उत्कृष्ट विद्यालय परिसर में सामूहिक सूर्य नमस्कार कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस अवसर पर प्रशासनिक अधिकारियों, जनप्रतिनिधयों, विभिन्न समाजसेवी संगठनों के सदस्यों और स्कूली बच्चों ने सामूहिक रुप से सूर्य नमस्कार किया। कार्यक्रम का शुभारंभ राष्ट्रगीत वंदे मातरम् का गायन करके किया गया। उसके बाद स्वामी विवेकानंद के विश्व प्रसिद्ध शिकागो उद्बोधन और प्रदेश के मुख्यमंत्री के संदेश का प्रसारण किया गया। वहीं कार्यक्रम का समापन राष्ट्रगान से किया गया।
कार्यक्रम में जिपं सीईओ डीएस रणदा, जिला शिक्षा अधिकारी अश्विनी उपाध्याय, नपा अध्यक्ष भारती ठाकुर, पार्षद भारती पारधी, दिलीप चौरसिया, गायत्री शक्ति पीठ से महेश खजांची, भारत स्वाभिमान से अर्जुन सनोडिया, समाज सेवी योग आयोग अध्यक्ष तपेश असाटी, डीपीसी महेश शर्मा, योग प्रशिक्षक शिवने मौजूद रहे।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए जिपं सीईओ ने कहा कि स्वामी विवेकानंद एक ऐसी प्रेरणा थे, जिनके विचार आज भी हम सब को ऊर्जा से भर देते हैं। जो व्यक्ति अपने आप पर भरोसा करता है, उसकी मदद ईश्वर भी करता है। प्रत्येक नागरिक को शरीर और मन से स्वस्थ होना चाहिए। शरीर को निरोगी बनाने का सबसे सशक्त माध्यम योग है। सूर्य नमस्कार और प्राणायाम करके योग के लक्ष्य को प्राप्त किया जा सकता है। उन्होंने कहा कि बड़े लक्ष्य की प्राप्ति के लिए स्वामी विवेकानंद के बताए मार्ग पर चलना होगा। सूर्य नमस्कार और प्राणायाम को अपनाना होगा और स्वयं को समाज और देश के लिए कार्य करने के बड़े लक्ष्य से जोडऩा होगा।

Published on:
12 Jan 2024 10:09 pm