
बालाघाट। जिले की क्रिकेट प्रतिभाओं को अवसर प्रदान करने आयोजित इंद्रजीत भोज कप जिलास्तरीय क्रिकेट टूर्नामेंट का 22 अक्टूबर को शुभारंभ किया गया। जिसमें खेले गए दो मैच में प्रेसिडेंट इलेवन और आरसीसी बालाघाट ने मैच जीतकर प्रतियोगिता के अगले चक्र में प्रवेश किया।
नगर के उत्कृष्ट विद्यालय मैदान में इंद्रजीत भोज मित्र मंडल द्वारा आयोजित टी 20 क्रिकेट टूर्नामेंट का पहला मैच प्रेसिडेंट इलेवन बनाम ब्लास्टर लामता के बीच खेला गया। जिसमें पहले बल्लेबाजी करते हुए प्रेसिडेंट इलेवन की टीम ने 3 विकेट पर 207 रनों का लक्ष्य ब्लास्टर लामता के सामने रखा। जिसमें गेंदबाजी करते हुए लामता की ओर से सलमान और मंजु ने एक-एक विकेट हासिल किए। प्रेसिडेंट इलेवन के 207 रनों का पीछा करने उतरी उतरी ब्लास्टर लामता महज 101 रन ही बना सकी।
दिन का दूसरा मैच रॉयल क्रिकेट क्लब बनाम पुलिस ब्यावज क्रिकेट क्लब के बीच खेला गया। जिसमें पहले बल्लेबाजी करते हुए आरसीसी टीम ने 5 विकेट पर 128 रन बनाए। आरसीसी के रनो का पीछा करने मैदान में उतरी पुलिस ब्यावज की शुरूआत काफी खराब रही और पूरी टीम महज 81 रन बनाकर आल आउट हो गई।
जिलास्तरीय टी 20 क्रिकेट टूर्नामेंट का शुभारंभ संरक्षक इंद्रजीत भोज, मोनु चतुरमोहता, अजय नारायण तिवारी, सुधांशु तिवारी, अभिषेक गोस्वामी के आतिथ्य में किया गया। इस प्रतियोगिता में जिले के बालाघाट, परसवाड़ा, लामता, कटंगी, मलाजखंड, मोहगांव, भरवेली की टीमें शामिल हो रही है। प्रतियोगिता का समापन 28 अक्टूबर को खेले जाने वाले फाइनल टूर्नामेंट के साथ किया जाएगा। जिसमें विजेता टीम को 11,111 रुपए और उपविजेता टीम को 5555 रुपए की नकद राशि पुरस्कार स्वरूप प्रदान की जाएगी। क्रिकेट के रोमांचक टी 20 मैच में खेलप्रेमियों और दर्शकों से उपस्थिति की अपील आयोजक संस्था इंद्रजीत भोज मित्र मंडल ने की है।