
cm mohan yadav bondari village children death compensation, ग्रामीणों के बीच पहुंचे सीएम मोहन यादव (Source-Patrika)
CM Mohan Yadav Bondari Village Visit: मध्यप्रदेश के बालाघाट जिले के बैगा बाहुल्य ग्रामों में फैली बीमारी से बच्चों की हो रही लगातार मौत के बीच शनिवार को मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ग्राम बोंदारी पहुंचे। वे ग्राम में 12.29 बजे पहुंचे और 1.18 बजे रवाना हुए। करीब 49 मिनट ग्राम में रुककर बीमारी से मृत व पीड़ित बच्चों के परिजनों से मुलाकात की। इस दौरान मृतक के परिजनों को 2.20-2.20 लाख रुपये मुआवजा देने की घोषणा की।
मुख्यमंत्री ग्राम में सबसे पहले सार्वजनिक मंच पर पहुंचे। ग्राम पंचायत कोरका व अडोरी सरपंच की उपस्थिति में पीड़ित परिवार से मिले। इसके बाद अलग-अलग बैगा महिलाओं व पुरुषों से उनके पास जाकर मिले और उनकी समस्याओं के बारे में पूछा। पट्टा, पानी, अस्पताल, सड़क, आंगनबाड़ी व स्कूल की समस्याओं से उन लोगों ने मुख्यमंत्री को अवगत कराया। सीएम ने ग्रामीणों की समस्याएं व मांगें सुनीं और उन्हें जल्द पूरा करने का आश्वासन दिया। साथ ही सभी को गौ-पालन करने के लिए प्रोत्साहित किया। सीएम ने कहा कि एक कमेटी बनाई जाएगी, जहां आप लोग आसानी से दूध बेच सकेंगे, इससे आपकी आमदनी बढ़ेगी ।
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने मीडिया से बातचीत के दौरान कहा कि यह नक्सलवाद का कोर एरिया रहा है। 25 साल बाद यहां कोई सीएम आए हैं। कांग्रेस के शासन काल में एक मंत्री की हत्या हो गई थी। हमने प्रधानमंत्री व गृहमंत्री के नेतृत्व में नक्सलवाद मूवमेंट समाप्त किया है। अब हमारे सामने यह चुनौती है कि मूलभूत सुविधाओं को नीचे तक पहुंचाया जाए। बैगा भाई-बहनों को इसका लाभ मिले इसलिए मैं इनके पास आया हूं। यह दु:खद अवसर जरूर है, लेकिन यदि नक्सलवाद रहता तो यह चीजें बाहर नहीं आ पाती। किन-किन चीजों में बदलाव की आवश्यकता है। इनका जीवन कैसे बेहतर किया जाए। इस पर काम किया जाएगा।
इसके बाद ग्राम बोंदारी से मुख्यमंत्री लांजी पहुंचे। शासकीय उत्कृष्ट उच्चतर माध्यमिक विद्यालय का निरीक्षण किया। प्रबुद्धजन और मीडिया से संवाद किया। इस दौरान उन्होंने कहा कि बीमारी के मामले की जांच जारी है। रिपोर्ट आने के बाद दोषियों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी। जिला प्रभारी मंत्री उदय प्रताप सिंह, पीएचई मंत्री सम्पतिया उइके, सांसद भारती पारधी, कांग्रेस विधायक संजय उइके व मधु भगत सहित बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधि व अधिकारीगण उपस्थित रहे।
Updated on:
29 Aug 2026 10:35 pm
Published on:
29 Aug 2026 10:32 pm
