बालाघाट. सरकारी शराब दुकान मोती नगर को मोती नगर चौक के पास स्थित उद्यान के सामने शिफ्ट किया जा रहा है। इसकी जानकारी होते ही मंगलवार को सुबह से ही मोहल्लेवासियों ने मौके पर पहुंचकर विरोध शुरू कर दिया है। दुकान के सामने बड़ी संख्या में महिलाएं कुर्सी लगाकर बैठ गई। उनका कहना है कि […]
बालाघाट. सरकारी शराब दुकान मोती नगर को मोती नगर चौक के पास स्थित उद्यान के सामने शिफ्ट किया जा रहा है। इसकी जानकारी होते ही मंगलवार को सुबह से ही मोहल्लेवासियों ने मौके पर पहुंचकर विरोध शुरू कर दिया है। दुकान के सामने बड़ी संख्या में महिलाएं कुर्सी लगाकर बैठ गई। उनका कहना है कि किसी भी कीमत पर यहां दुकान नहीं खोलने दिया जाएगा।
कहा कि मोती नगर चौक वार्ड नंबर 24, 25, 32, 33 से लगा है। जिस जगह दुकान खोली जा रही है, वहां से चंद कदम दूर आईजी कार्यालय है। जहां दुकान खुल रही है उसके सामने उद्यान है। कुछ दूरी पर गल्र्स छात्रावास व स्कूल है। प्रदर्शनकारियों ने दुकान के सामने हवन-पूजन किया। नगर पालिका अध्यक्ष भारती सुरजीत ठाकुर ने मौके पर पहुंचकर प्रदर्शनकारियों का समर्थन किया। शाम तक प्रदर्शन जारी था। इसको लेकर पुलिस की तैनाती की गई थी।
इसके पूर्व सुबह में मोहल्लेवासियों के विरोध की जानकारी के बाद जिला आबकारी अधिकारी अजीत इक्का, तहसीलदार सुनील वर्मा, कोतवाली थाना प्रभारी कामेश धुमकेती मौके पर पहुंच गए। उन्होंने प्रदर्शनकारियों को समझाने का प्रयास किया, लेकिन वे नहीं माने।
सुरभी मोहल्ले की महिलाएं भी डटी
उधर सरकारी शराब दुकान मोती नगर को हटाने की मांग को लेकर एक अप्रेल से धरना-प्रदर्शन कर रही सुरभी मोहल्ले की महिलाएं मंगलवार को भी बैठी रही। उनका कहना है कि जब तक उक्त दुकान में ताला नहीं लगेगा उनका प्रदर्शन जारी रहेगा। कहा कि लंबे समय से उनकी मांग के बाद प्रशासन दुकान हटाने की कार्रवाई कर रहा है, लेकिन जब तक पूरी तरह से दुकान यहां से नहीं हटेगा हम अपना प्रदर्शन खत्म नहीं करेंगे।