बालाघाट

हाइटेंशन लाइन की चपेट में आने से एक ही परिवार के तीन लोगों की मौत

मंदिर जा रहे थे पति-पत्नी और चचेरा भाई, एक ही परिवार के तीन लोगों की अर्थियां उठने पर पूरा गांव रो पड़ा
less than 1 minute read
• •
Updated: 25 Jun 2025, 12:19 PM IST
Feature image

लांजी थाना क्षेत्र में मंगलवार सुबह एक दिल दहला देने वाली घटना हुई, जब हाईटेंशन लाइन की चपेट में आने से मोटरसाइकिल सवार पति-पत्नी और चचेरे भाई की मौके पर ही जिंदा जलकर मौत हो गई। यह हादसा ग्राम सर्रा-नेवरवाही के बीच गुलपुर के जंगल वाले रास्ते पर हुआ। तीनों लोग ग्राम सर्रा निवासी सेवकराम पांचे (30), उनकी पत्नी रेणुका (28) और चचेरा भाई भोजराज पांचे (28) थे, जो देवलगांव मंदिर पूजा के लिए निकले थे। सूचना के बाद क्षेत्रीय विधायक राजकुमार कर्राहे, थाना प्रभारी वीभेंदू टांडिया और बिजली वितरण कंपनी का अमला मौके पर पहुंच गया।

पेड़ की डाल हाईटेंशन तार पर गिरी

हादसे का कारण एक पेड़ की डाल का रात में हाईटेंशन तार पर गिर जाना बताया गया, जिससे तार पोल से छिटककर सडक़ पर लटक गया था। सुबह जब तीनों मोटरसाइकिल से वहां से गुजर रहे थे, तभी अचानक तार टूटकर उनके ऊपर गिरा और भीषण आग लग गई। आग की चपेट में आकर तीनों की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई। घटनास्थल पर पहुंची पुलिस ने पंचनामा कर शवों को पोस्टमार्टम के लिए भिजवाया और बाद में परिजनों को सौंप दिया।

परिजनों को चार-चार लाख का मुआवजा

घटना के बाद गांव में मातम छा गया। एक ही परिवार के तीन लोगों की अर्थियां उठने पर पूरा गांव रो पड़ा। सेवकराम और रेणुका की चार साल की बेटी अब अनाथ हो गई है, जबकि भोजराज के दो छोटे बच्चों के सिर से पिता का साया उठ गया। घटना के बाद बिजली विभाग के अधिकारी पहुंचे और मरम्मत कार्य शुरू किया गया। अधीक्षण यंत्री दीपक उइके ने मृतकों के परिजनों को चार-चार लाख रुपए मुआवजा देने की घोषणा की है।

Updated on:
25 Jun 2025, 12:19 PM IST
Published on: