जब पूरा शहर नए वर्ष का स्वागत कर रहा था, उसी दौरान दो युवक शराब के नशे में ट्रैक्टर एजेंसी के सामने पहुंचे और...।
नववर्ष के जश्न के बीच नगरीय क्षेत्र में असामाजिक तत्वों के की गई मारपीट की एक गंभीर घटना सामने आई है। कोतवाली थाना क्षेत्र अंतर्गत 31 दिसंबर की देर रात शराब के नशे में दो युवकों ने एक ट्रैक्टर एजेंसी के कर्मचारी के साथ बेरहमी से मारपीट कर उसे गंभीर रूप से घायल कर दिया। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए सीसीटीवी फुटेज के आधार पर दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया और घटना स्थल पर क्राइम सीन री-क्रिएट किया। इस दौरान दोनों आरोपी पीडि़त से माफी मांगते हुए भी नजर आए।
प्राप्त जानकारी के अनुसार जब पूरा नगर पुराने साल को विदा कर नए वर्ष का स्वागत कर रहा था, उसी दौरान दो युवक शराब के नशे में ट्रैक्टर एजेंसी के सामने पहुंचे। उन्होंने हाथों में डंडे लेकर एजेंसी के बाहर खड़ी गाड़ी और कुर्सियों में तोडफ़ोड़ शुरू कर दी। जब एजेंसी में कार्यरत कर्मचारी संजय कावरे ने उन्हें ऐसा करने से रोका, तो दोनों युवकों ने उस पर डंडों से हमला कर दिया, वह गंभीर रूप से घायल हो गया। पूरी घटना एजेंसी में लगे सीसीटीवी कैमरों में रिकॉर्ड हो गई। घटना के बाद पीडि़त संजय कावरे ने कोतवाली थाने पहुंचकर आरोपियों के खिलाफ शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज के आधार पर दोनों आरोपियों की पहचान कर उन्हें हिरासत में लिया।
गिरफ्तार आरोपियों में वार्ड 32 निवासी विकास मेश्राम एवं भटेरा निवासी लक्की उर्फ पलास डहाके शामिल हैं। बताया जा रहा है कि विकास मेश्राम जिला चिकित्सालय में सुरक्षाकर्मी के पद पर पदस्थ है।
कोतवाली पुलिस ने 2 जनवरी की दोपहर घटना स्थल पर दोनों आरोपियों को लेकर पहुंचकर क्राइम सीन री-क्रिएट किया, ताकि घटना की पूरी कड़ी स्पष्ट की जा सके। इस दौरान आरोपी अपनी गलती स्वीकार करते हुए पीडि़त से माफी मांगते हुए भी नजर आए। दोनों आरोपियों को न्यायालय में पेश किया जा रहा है। पुलिस का कहना है कि शहर में शांति व्यवस्था भंग करने वालों के खिलाफ स त कार्रवाई जारी रहेगी।