जिला अस्पताल के डॉक्टरों और स्टाफ के खिलाफ लगातार मिल रही शिकायतों के मद्देनजर बलिया सीएमओ ने भेष बदल कर अस्पताल पर छापा मारा ।
बलिया जिला अस्पताल के डॉक्टरों और स्टाफ के खिलाफ लगातार मिल रही शिकायतों के मद्देनजर बलिया सीएमओ ने भेष बदल कर अस्पताल पर छापा मारा । वहां इमरजेंसी में तैनात डॉक्टर की करतूत देख कर वह दंग रह गए। इसके लिए उन्होंने डॉक्टर को जम कर फटकार लगाते हुए कड़ी कार्रवाई करने की बात की।
बलिया जिला अस्पताल में व्याप्त तमाम अनियमितताओं की शिकायत सीएमओ के पास पहुंच रही थी। इसी के मद्देनजर सीएमओ डाक्टर विजय पति त्रिपाठी बुधवार की रात मुंह पर गमछा बांध कर स्कूटी से जिला अस्पताल पहुंचे और चुपके से इमरजेंसी वार्ड में खड़े हो गए। वहां तैनात डॉक्टर ने मरीजों को बाहर से दवा लाने के लिए पर्ची लिखनी शुरू की। इसको देखकर सीएमओ भड़क गए। उन्होंने डॉक्टर को कड़ी फटकार लगाते हुए करवाई की चेतावनी दे डाली। सीएमओ को देखकर पूरे अस्पताल में हड़कंप मच गया।
सीएमओ यहीं नहीं रुके,वो तुरंत वहां से वार्ड की तरफ चले गए। वार्डों में उनको सारी व्यवस्था चुस्त दुरुस्त मिली। वहां पहुंच कर उन्होंने वार्ड बॉय और नर्सों को बाहर से दवा न लाने की हिदायत दी।
सीएमओ के इस कदम की हर तरफ सराहना हो रही।