बलिया

Ballia News:बलिया के पूर्वांचल अस्पताल के डॉक्टर आदित्य गिरफ्तार, अस्पताल में प्रसूता और दो नवजात बच्चियों की हुई थी मौत

Mar 31, 2026
Ballia news
Ballia news, pic- सोशल मीडिया

Ballia Police: बलिया जिले में प्रसूता की मौत के मामले में पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए एक चिकित्सक को हिरासत में लिया है। दुबहर थाना क्षेत्र के रामपुर बोहा गांव निवासी रिंकू यादव की मौत के बाद दर्ज मुकदमे में कोतवाली पुलिस ने डॉक्टर आदित्य सिंह को गिरफ्तार कर लिया।


मामले में मृतका के पति सोनू यादव ने तहरीर देकर आरोप लगाया था कि 13 मार्च को प्रसव पीड़ा होने पर आशा कार्यकर्ता की सलाह पर उनकी पत्नी को पूर्वांचल अस्पताल में भर्ती कराया गया। आरोप है कि ऑपरेशन के दौरान लापरवाही बरती गई, जिससे पहले जुड़वा बच्चियों की मृत अवस्था में डिलीवरी हुई और बाद में रिंकू देवी की हालत बिगड़ गई। परिजनों के अनुसार डॉक्टर ने हार्ट अटैक की बात कहकर महिला को मऊ रेफर कर दिया, जबकि एंबुलेंस में ले जाते समय उसकी मौत हो चुकी थी।


कोतवाली प्रभारी क्षितिज त्रिपाठी ने बताया कि तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। विवेचना के दौरान उपनिरीक्षक सौरभ सिंह ने कार्रवाई करते हुए आरोपी चिकित्सक को गिरफ्तार कर न्यायालय भेज दिया।


स्वास्थ्य विभाग की जांच में सामने आया है कि पिछले एक माह में जिले में छह प्रसूताओं और दो नवजातों की मौत हो चुकी है। इन मामलों में अब तक छह अस्पतालों को सील किया जा चुका है और दो चिकित्सकों की गिरफ्तारी हो चुकी है। लगातार हो रही कार्रवाई से अवैध अस्पतालों और जांच केंद्र संचालकों में हड़कंप मचा हुआ है।

Updated on:
31 Mar 2026 12:35 pm
Published on:
31 Mar 2026 12:34 pm