7 अगस्त 2026,

शुक्रवार

Patrika Logo
home_icon

होम

इनस्टॉल ऐप

ई-पेपर

video_icon

शॉर्ट्स

profile_icon

प्रोफाइल

BSP के इकलौते विधायक उमाशंकर सिंह पंचतत्व में विलीन; बेटे ने दी मुखाग्नि, राजकीय सम्मान के साथ हुआ अंतिम संस्कार

BSP MLA Umashankar Singh Last Rites: उत्तर प्रदेश में बसपा के इकलौते विधायक उमाशंकर सिंह पंचतत्व में विलीन हो गए। बलिया के गंगा घाट पर बेटे प्रिंस युकेश ने उन्हें मुखाग्नि दी। अंतिम यात्रा में हजारों लोग शामिल हुए।
2 min read
Google source verification

बलिया

image

Mohsina Bano

Aug 07, 2026

BSP MLA Umashankar Singh Last Rites, Umashankar Singh Funeral

बसपा विधायक उमाशंकर सिंह को राजकीय सम्मान के साथ अंतिम विदाई (फोटो- पत्रिका)

BSP MLA Umashankar Singh Funeral: बहुजन समाज पार्टी के इकलौते विधायक उमाशंकर शुक्रवार को पंचतत्व में विलीन हो गए। बलिया में निकली उनकी अंतिम यात्रा में 20,000 से ज्यादा लोग शामिल हुए। इस दौरान हर तरफ उमाशंकर सिंह अमर रहें के नारे गूंज रहे थे। उनके पैतृक गांव खनवर से करीब 45 किलोमीटर दूर स्थित गंगा घाट पर शाम साढ़े पांच बजे पूरे सम्मान के साथ उनका अंतिम संस्कार किया गया। उनके बेटे प्रिंस युकेश ने नम आंखों से पिता की चिता को मुखाग्नि दी।

पैतृक गांव में रखा गया पार्थिव शरीर

अंतिम संस्कार से पहले उनके पैतृक गांव खनवर में उनका पार्थिव शरीर आम जनता के अंतिम दर्शन के लिए रखा गया था। वहां उनके समधी और प्रदेश सरकार में मंत्री दिनेश प्रताप सिंह समेत हजारों लोगों ने उन्हें अपनी भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की। गुरुवार देर रात जब उनका पार्थिव शरीर लखनऊ से बलिया लाया गया था तब उनके साथ करीब 400 वाहनों का विशाल काफिला चल रहा था। रात के समय भी अपने लोकप्रिय नेता के अंतिम दर्शन के लिए 20 हजार से ज्यादा लोगों की भारी भीड़ उमड़ पड़ी थी।

अंतिम यात्रा के दौरान दिवंगत विधायक के छोटे भाई रमेश सिंह और बेटे प्रिंस युकेश सिंह बेहद भावुक नजर आए। दोनों की आंखों से लगातार बहते आंसुओं ने वहां मौजूद हर एक शख्स की आंखें नम कर दीं। विधायक के आवास पर उमड़ी भारी भीड़ उनके परिवार को यह भरोसा दिला रही थी कि दुख की इस घड़ी में पूरे क्षेत्र की जनता उनके साथ मजबूती से खड़ी है।

इन रास्तों से गुजरी अंतिम यात्रा

उमाशंकर सिंह की अंतिम यात्रा उनके खनवर स्थित पैतृक आवास से शुरू हुई। इसके बाद यह यात्रा बछईपुर, सलेमपुर, चोगड़ा, कुकुरहा, हजौली और चिलकहर होते हुए बलिया शहर के प्रमुख मार्गों से गुजरी और अंत में गंगा घाट स्थित श्मशान घाट पहुंची। पूरे रास्ते भर आम जनता, समर्थकों, सामाजिक संगठनों के प्रतिनिधियों और विभिन्न राजनीतिक दलों के नेताओं ने पुष्प अर्पित कर उन्हें अपनी भावभीनी श्रद्धांजलि दी। कई जगहों पर लोगों ने अंतिम यात्रा पर पुष्पवर्षा भी की।

प्रशासनिक अधिकारियों ने दी सलामी

जिले के जिलाधिकारी मंगला प्रसाद सिंह और पुलिस अधीक्षक ओमवीर सिंह ने शुक्रवार सुबह खनवर स्थित विधायक के आवास पर पहुंचकर उन्हें अपनी श्रद्धांजलि अर्पित की और शोक संतप्त परिवार को सांत्वना दी। इसके बाद उपजिलाधिकारी रणधीर सिंह की मौजूदगी में पुलिस के जवानों ने राजकीय सम्मान के साथ दिवंगत विधायक को अंतिम सलामी दी।

लंबे समय से ब्रेन कैंसर से जूझ रहे थे विधायक

बलिया की रसड़ा विधानसभा सीट से लगातार तीन बार विधायक चुने गए 55 वर्षीय उमाशंकर सिंह का बुधवार शाम दिल्ली के फोर्टिस अस्पताल में निधन हो गया था। वह काफी लंबे समय से ब्रेन कैंसर जैसी गंभीर बीमारी से जूझ रहे थे। बेहतर इलाज के लिए वह अमेरिका भी गए थे लेकिन उनकी बीमारी चौथे स्टेज तक पहुंच चुकी थी। गुरुवार सुबह उनका पार्थिव शरीर दिल्ली से लखनऊ लाया गया था जहां मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ और बसपा सुप्रीमो मायावती समेत कई बड़े नेताओं ने उन्हें अपनी श्रद्धांजलि दी थी। अपने इकलौते विधायक को श्रद्धांजलि देते हुए मायावती बेहद भावुक नजर आई थीं।