
हरिद्वार में कांवड़ यात्रा के दौरान हुआ विवाद
Haridwar Kanwariya Misbehave SSB Jawans: धर्मनगरी हरिद्वार में चंडी पुल के पास बीती रात एक कांवड़िए ने जमकर उत्पात मचाया। शिवम नाम के कांवड़िए ने ड्यूटी पर मौजूद SSB और उत्तराखंड पुलिस के जवानों के साथ बदतमीजी की और घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल कर दिया। मामले की गंभीरता को देखते हुए मेटा समेत सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म्स ने इस वीडियो को भारत में पूरी तरह से बैन कर दिया है। यह घटना देर रात चंडी पुल के पास हरिद्वार-देहरादून नेशनल हाईवे की है।
कांवड़ लेकर लौट रहा शिवम चंडी पुल के पास हरिद्वार देहरादून नेशनल हाईवे पर अपने फोन से ट्रैफिक संभाल रहे जवानों का वीडियो बनाने लगा। वह बिना वजह वीडियो बनाकर सुरक्षाकर्मियों को चिढ़ा रहा था। इसी बीच सड़क से गुजर रहे एक अज्ञात वाहन ने उसे साइड से टक्कर मार दी। टक्कर लगने से कांवड़िया सड़क पर गिर गया और उसकी कांवड़ खंडित हो गई।
कांवड़ खंडित होने के बाद शिवम अपनी गलती मानने के बजाय मौके पर मौजूद जवानों पर ही झूठे आरोप मढ़ने शुरू कर दिए। उसने वीडियो बनाते हुए एक पुलिस जवान निरंग कुमार पर शराब पीकर कांवड़ गिराने का झूठा आरोप लगाया। इतना ही नहीं उसने वहां से गुजर रहे अन्य कांवड़ियों को इशारा करके उकसाने और भीड़ जुटाने का भी प्रयास किया। इसके बाद उसने जवानों से अभद्रता की और उन पर जबरन गिरी हुई कांवड़ उठाने का दबाव भी बनाया।
हंगामे की सूचना मिलते ही पुलिस के वरिष्ठ अधिकारी तत्काल घटनास्थल पर पहुंचे। कांवड़िए ने आला अधिकारियों के साथ भी तीखी बहस की और आपत्तिजनक भाषा का इस्तेमाल किया। वह लगातार वीडियो को सोशल मीडिया पर वायरल करने की धमकी दे रहा था। काफी देर तक चले इस हाई वोल्टेज ड्रामे के बाद पुलिस अधिकारियों ने उसे समझा बुझाकर शांत कराया।
स्थिति को नियंत्रित करने के लिए पुलिस की देखरेख में नई कांवड़ तैयार करवाकर उसमें दोबारा गंगाजल भरवाया गया तब जाकर यह मामला शांत हुआ। इस घटना से जुड़े वीडियो के जरिए सोशल मीडिया पर किसी भी तरह की हिंसा या भ्रम न फैले इसके लिए मेटा ने सख्त कदम उठाते हुए वीडियो को भारत में प्रतिबंधित कर दिया है। फिलहाल इस पूरे प्रकरण पर हरिद्वार पुलिस की तरफ से आधिकारिक बयान जारी नहीं किया गया है।
Updated on:
05 Aug 2026 02:33 pm
Published on:
05 Aug 2026 02:33 pm
