दोकटी थाना क्षेत्र में शुक्रवार को उस समय हंगामा मच गया, जब एक व्यक्ति की दूसरी शादी उसकी पहली पत्नी ने पहुंचकर रुकवा दी। पहली पत्नी अपने वकील और पुलिस के साथ विवाह स्थल पर पहुंची और दावा किया कि दूल्हे ने उससे 10 साल पहले कोर्ट मैरिज की थी। मामला सामने आते ही दूल्हा मौके से फरार हो गया।
Ballia News: बलिया के दोकटी थाना क्षेत्र में शुक्रवार को उस समय हंगामा मच गया, जब एक व्यक्ति की दूसरी शादी उसकी पहली पत्नी ने पहुंचकर रुकवा दी। पहली पत्नी अपने वकील और पुलिस के साथ विवाह स्थल पर पहुंची और दावा किया कि दूल्हे ने उससे 10 साल पहले कोर्ट मैरिज की थी। मामला सामने आते ही दूल्हा मौके से फरार हो गया।
जानकारी के अनुसार, बैरिया थाना क्षेत्र के भुआलछपरा गांव निवासी राजेश पाण्डेय, पुत्र राज गोपाल पाण्डेय, की शादी दोकटी क्षेत्र की एक युवती से तय थी। दुल्हन पक्ष विवाह स्थल पर पहुंच चुका था और दूल्हे का इंतजार किया जा रहा था।
इसी दौरान झारखंड के खरसांवा जिले की लक्ष्मी अपने वकील और दोकटी पुलिस के साथ पहुंची। लक्ष्मी ने दावा किया कि उसकी राजेश से 10 साल पहले कोर्ट मैरिज हुई थी और राजेश ने उससे तलाक का मुकदमा भी बलिया में दायर किया था। फेसबुक के जरिए उसे राजेश की दूसरी शादी की सूचना मिली, जिसके बाद वह तुरंत उसके गांव पहुंची, पर घर बंद मिला। लोगों से पता चला कि शादी लालगंज के एक लॉज में हो रही है, तो उसने पुलिस को जानकारी दी और मौके पर पहुंच गई।
घटना की खबर फैलते ही विवाह स्थल पर सैकड़ों लोगों की भीड़ जुट गई। सुरक्षा को देखते हुए पुलिस पहली पत्नी और उसके वकील को चौकी लालगंज ले गई। उधर, दुल्हन पक्ष में भारी आक्रोश है।
पुलिस ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है और फरार दूल्हे राजेश पाण्डेय की तलाश जारी है।