2 मार्च 2026,

सोमवार

Patrika Logo
Switch to English
home_icon

मेरी खबर

video_icon

शॉर्ट्स

epaper_icon

ई-पेपर

प्रेमी देता था वीडियो वायरल करने की धमकी, प्रेमिका ने पति के साथ मिलकर मार डाला, चेहरा तेजाब से जलाया

Ballia Crime: ब्लैकमेलिंग से परेशान होकर प्रेमिका ने अपने परिवार के साथ मिलकर प्रेमी पंकज की हत्या कर दी और पहचान छिपाने के लिए चेहरे पर तेजाब डाल दिया। पुलिस ने तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है जबकि प्रेमिका और उसका पति अभी भी फरार हैं।

2 min read
Google source verification
बलिया क्राइम न्यूज

Photo source - X

UP Crime: बलिया जिले में एक सनसनीखेज हत्याकांड का खुलासा हुआ है। एक महिला ने अपने पति, भाई और भाभी के साथ मिलकर अपने ही प्रेमी की बेरहमी से हत्या कर दी। हत्या के बाद युवक की पहचान मिटाने के लिए उसके चेहरे को तेजाब से जला दिया और शव को खेत में फेंक दिया। पुलिस ने 19 दिनों की कड़ी मशक्कत के बाद इस कत्ल की गुत्थी सुलझा ली है।

ब्लैकमेलिंग से तंग आकर रची मौत की साजिश

पुलिस अधीक्षक ओमवीर सिंह के मुताबिक, मृतक की पहचान पंकज गुप्ता निवासी आजमगढ़ के रूप में हुई है। पंकज का संबंध आरोपी रेखा सिंह से था। बताया जा रहा है कि पंकज के पास रेखा की कुछ आपत्तिजनक फोटो और वीडियो थे जिनके जरिए वह उसे लगातार ब्लैकमेल कर रहा था। पंकज आए दिन वीडियो वायरल करने की धमकी देकर रेखा पर दबाव बनाता था। इस प्रताड़ना से तंग आकर रेखा ने अपने पति अरुण सोनी, भाई विजयपाल और भाभी अंजनी के साथ मिलकर उसे रास्ते से हटाने का प्लान बनाया।

मिलने के बहाने बुलाया और फिर कर दी हत्या

साजिश के तहत रेखा ने 7 फरवरी को पंकज को मिलने के बहाने बलिया के रसड़ा बुलाया। वहां पहले से ही घात लगाकर बैठे रेखा के परिजनों और रिश्तेदारों ने पंकज को घेर लिया और उसकी हत्या कर दी। पुलिस ने बताया कि आरोपियों ने पंकज के बैग और कपड़ों को मौके पर ही जला दिया और उसका मोबाइल दूर फेंक दिया। पहचान छुपाने के लिए उन्होंने पंकज के चेहरे पर तेजाब की दो बोतलें उड़ेल दीं ताकि कोई उसे पहचान न सके।

सर्विलांस और मोबाइल से खुला राज

पंकज 7 फरवरी से लापता था और उसका मोबाइल बंद आ रहा था। उसके घर में 24 फरवरी को बहन की शादी थी, लेकिन जब वह नहीं लौटा तो परिजनों ने आजमगढ़ के फूलपुर थाने में गुमशुदगी दर्ज कराई। सर्विलांस के जरिए पुलिस को पंकज की आखिरी लोकेशन रसड़ा स्टेशन के पास मिली। बलिया पुलिस की मदद से जब अज्ञात शव की फोटो और कपड़ों का मिलान किया गया तो परिजनों ने उसकी शिनाख्त की। इसके बाद पुलिस ने प्रेमिका के परिजनों से कड़ाई से पूछताछ की तो पूरी साजिश परत-दर-परत खुलती चली गई।

25 हजार रुपये का इनाम

पुलिस ने इस मामले में रेखा के भाई विजयपाल सिंह, भाभी अंजनी सिंह और साले मनीष सिंह को गिरफ्तार कर लिया है। इनके पास से पंकज का मोबाइल, तेजाब की खाली बोतलें और वारदात में इस्तेमाल बाइक बरामद हुई है। हालांकि मुख्य आरोपी प्रेमिका रेखा सिंह और उसका पति अरुण सोनी फिलहाल फरार हैं जिनके मध्य प्रदेश भागने की आशंका है। एसपी ने इस सफलता के लिए पुलिस टीम को 25 हजार रुपये के इनाम की घोषणा की है।