25 फ़रवरी 2026,

बुधवार

Patrika Logo
Switch to English
home_icon

मेरी खबर

video_icon

शॉर्ट्स

epaper_icon

ई-पेपर

पड़ोस की लड़की बनने जा रही थी किसी और की दुल्हन, सिरफिरे आशिक ने सरेआम दाग दी गोली

बलिया से बक्सर गए एक बारात में जयमाला के दौरान सनकी प्रेमी ने दुल्हन के पेट में गोली मार दी, गंभीर हालत में दुल्हन को बनारस रेफर किया गया है।

2 min read
Google source verification
bride

photo source - X

उत्तर प्रदेश के बलिया जिले से धूमधाम से बारात बक्सर के चौसा पहुंची थी। दूल्हा और दुल्हन स्टेज पर एक-दूसरे को वरमाला पहनाने की तैयारी में थे और चारों तरफ हंसी-खुशी का माहौल था। तभी अचानक एक नकाबपोश युवक स्टेज पर चढ़ा और दुल्हन बनी आरती कुमारी के पेट में सटाकर गोली दाग दी। शादी के गानों के शोर में पहले तो किसी को कुछ समझ नहीं आया लेकिन जब आरती लहूलुहान होकर नीचे गिरी तो वहां अफरा-तफरी मच गई।

जख्मी दुल्हन ने बताया आशिक का नाम

गोली लगने के बाद आरती को आनन-फानन में बक्सर के सदर अस्पताल ले जाया गया। अस्पताल ले जाते वक्त दर्द से तड़पते हुए दुल्हन रास्ते में बार-बार एक ही नाम ले रही थी 'दीनबंधु'। आरती ने कहा कि उसके पड़ोस में रहने वाले दीनबंधु ने ही उसे गोली मारी है। दुल्हन की हालत काफी नाजुक बनी हुई है जिसके चलते डॉक्टरों ने उसे बेहतर इलाज के लिए वाराणसी (बनारस) रेफर कर दिया है। फिलहाल बनारस के एक अस्पताल में आरती का ऑपरेशन चल रहा है और वह जिंदगी और मौत के बीच जंग लड़ रही है।

एकतरफा प्यार का मामला

घटना के पीछे प्रेम-प्रसंग का मामला सामने आ रहा है। आरोपी दीनबंधु और आरती का घर अगल-बगल ही है। लड़की के पिता नंद जी मल्लाह का कहना है कि यह एकतरफा प्यार का मामला है। आरोपी युवक उनकी बेटी के पीछे हाथ धोकर पड़ा था जबकि आरती की तरफ से ऐसा कुछ नहीं था। इसी वजह से परिवार ने उसकी शादी बलिया में तय की थी। पड़ोसियों की मानें तो यह युवक पहले भी आरती की एक शादी तुड़वा चुका है। साल भर पहले भी आरती की शादी कहीं और तय हुई थी तब दीनबंधु ने लड़के वालों को फोन कर इतना परेशान किया कि उन्होंने रिश्ता तोड़ दिया था।

आरोपी के पिता का छलका दर्द

इस वारदात से आरोपी दीनबंधु का परिवार भी सदमे में है। उसके पिता रमाशंकर चौधरी ने बताया कि उन्हें अपने बेटे के इस करतूत का अंदाजा तक नहीं था। पिता ने भावुक होते हुए कहा, 'अगर हमें पता होता कि मेरा बेटा उस लड़की से प्यार करता है, तो हम समाज और प्रशासन के सामने हाथ जोड़कर दोनों की शादी करा देते। कम से कम आज ऐसी नौबत तो न आती' घटना के बाद से ही दीनबंधु फरार है।

पुलिस कर रही फरार आरोपी की तलाश

वारदात की सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। मुफस्सिल थाने की पुलिस ने एहतियात के तौर पर आरोपी के घर को खाली करवाकर सील कर दिया है और वहां ताला लगा दिया गया है। अपर थानाध्यक्ष चंदन कुमार ने बताया कि मामला पूरी तरह प्रेम प्रसंग से जुड़ा लग रहा है। पुलिस की कई टीमें फरार दीनबंधु की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी कर रही हैं। शादी में मौजूद मेहमानों और चश्मदीदों से भी पूछताछ की जा रही है ताकि यह पता चल सके कि क्या इस वारदात में दीनबंधु के साथ कोई और भी शामिल था।