बिहार के बक्सर जिले में शादी समारोह के दौरान हुई फायरिंग में दुल्हन की मौत हो गई। घटना के बाद दूल्हा पक्ष बिना दुल्हन के ही वापस लौट गया। पुलिस ने मुख्य आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है और मामले की जांच जारी है। जानकारी के अनुसार, उत्तर प्रदेश के बलिया जनपद के सुरेमनपुर गांव […]
बिहार के बक्सर जिले में शादी समारोह के दौरान हुई फायरिंग में दुल्हन की मौत हो गई। घटना के बाद दूल्हा पक्ष बिना दुल्हन के ही वापस लौट गया। पुलिस ने मुख्य आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है और मामले की जांच जारी है।
जानकारी के अनुसार, उत्तर प्रदेश के बलिया जनपद के सुरेमनपुर गांव निवासी अविनाश साहनी की शादी बक्सर के चौसा पंचायत स्थित मल्लाह टोला की रहने वाली आरती से तय हुई थी। विवाह की सभी तैयारियां पूरी कर ली गई थीं और 24 फरवरी की रात बारात लड़की के घर पहुंची। द्वारपूजा के बाद जयमाला की रस्म की तैयारी चल रही थी।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, स्टेज पर जयमाला के दौरान अचानक गोली चलने की आवाज से अफरा-तफरी मच गई। गोली दुल्हन के पेट में लगी। परिजन उसे तुरंत उपचार के लिए वाराणसी ले गए, जहां इलाज के दौरान उसकी मृत्यु हो गई।
परिवार के लोगों का कहना है कि एक युवक शादी रुकवाने का प्रयास कर रहा था और फोन कर आपत्ति जता चुका था। घटना के बाद पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर लिया।
घटना से दूल्हा गहरे सदमे में है। परिजनों के अनुसार, उसने इस हादसे के बाद दोबारा विवाह न करने की बात कही है। पुलिस पूरे मामले की छानबीन कर रही है और अन्य पहलुओं की भी जांच की जा रही है।