
Ballia news, Pic-Patrika
Murder News: बलिया जनपद के रसड़ा कोतवाली क्षेत्र अंतर्गत नथूपुर गांव में पारिवारिक विवाद ने बुधवार सुबह भयावह रूप ले लिया, जब एक बेटे ने मामूली बात पर अपने ही पिता की डंडे से पीट-पीटकर हत्या कर दी। इस घटना में बीच-बचाव करने आई मां भी गंभीर रूप से घायल हो गईं, जिनका इलाज जिला अस्पताल में जारी है।
जानकारी के अनुसार, सुबह करीब सात बजे सांवरा-हजौली मुख्य मार्ग के पास झाड़ियों में एक वृद्ध का शव मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। खेतों में काम कर रहे ग्रामीणों ने शव देखा और तुरंत पुलिस को सूचना दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने मृतक की पहचान 75 वर्षीय महेंद्र चौहान निवासी नथूपुर के रूप में की।
पुलिस जांच में सामने आया कि बीते दो दिनों से परिवार में गेहूं को लेकर विवाद चल रहा था। मृतक के दूसरे पुत्र शुकुल चौहान के अनुसार, महेंद्र चौहान ने अपनी बेटी को दो बोरी गेहूं दिए थे, जिससे उनका बेटा पप्पू चौहान नाराज हो गया था। इसी बात को लेकर विवाद बढ़ा और गुस्से में आकर पप्पू ने अपने पिता पर डंडे से हमला कर दिया, जिससे उनकी मौके पर ही मौत हो गई।
घटना के दौरान जब मृतक की पत्नी शैलू देवी बीच-बचाव करने पहुंचीं, तो आरोपी ने उन्हें भी बुरी तरह पीट दिया, जिससे वे गंभीर रूप से घायल हो गईं। उन्हें पहले स्थानीय स्तर पर प्राथमिक उपचार दिया गया, बाद में हालत नाजुक होने पर जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया।
पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और मामले की जांच शुरू कर दी है। प्रारंभिक जांच में घटना पारिवारिक विवाद का परिणाम प्रतीत हो रही है। आरोपी की तलाश में पुलिस दबिश दे रही है।
Published on:
15 Apr 2026 01:12 pm
बड़ी खबरें
View Allबलिया
उत्तर प्रदेश
ट्रेंडिंग
