बलिया जनपद में अवैध शराब तस्करी के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए एसटीएफ और बैरिया थाना पुलिस की संयुक्त टीम ने 471 पेटी शराब के साथ तीन लोगों को गिरफ्तार किया है। बरामद शराब की कीमत लगभग 23 लाख रुपये बताई जा रही है। कार्रवाई भवन टोला क्षेत्र में की गई। पुलिस को गुरुवार को […]
बलिया जनपद में अवैध शराब तस्करी के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए एसटीएफ और बैरिया थाना पुलिस की संयुक्त टीम ने 471 पेटी शराब के साथ तीन लोगों को गिरफ्तार किया है। बरामद शराब की कीमत लगभग 23 लाख रुपये बताई जा रही है। कार्रवाई भवन टोला क्षेत्र में की गई।
पुलिस को गुरुवार को मुखबिर से सूचना मिली थी कि जयप्रकाश नगर स्थित भवन टोला बंधे के रास्ते दो पिकअप वाहनों से शराब नदी किनारे पहुंचाई जाएगी और वहां से नाव के जरिए बिहार भेजी जाएगी। सूचना को गंभीरता से लेते हुए उप निरीक्षक फैजुद्दीन सिद्दिकी (एसटीएफ) और प्रभारी निरीक्षक बैरिया राजेंद्र प्रसाद सिंह के नेतृत्व में टीम गठित की गई। पुलिसकर्मी भवन टोला बंधे से पहले ही घेराबंदी कर वाहनों का इंतजार करने लगे।
कुछ देर बाद दो पिकअप वाहन वहां से गुजरते दिखाई दिए। पुलिस ने उनका पीछा किया। आगे निकलने का रास्ता बंद देख चालक और अन्य सवार वाहन छोड़कर भागने लगे, लेकिन पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए तीन लोगों को मौके से पकड़ लिया।
गिरफ्तार आरोपितों की पहचान धर्मजीत भारती निवासी हुसैनाबाद बांसडीह, करन कुमार शाह निवासी बैरिया और पिंटू प्रसाद निवासी बहादुरपुर कोतवाली बलिया के रूप में हुई है। पूछताछ में उन्होंने बताया कि शराब बैरिया स्थित एक गोदाम से लाई गई थी और इसे नाव के जरिए बिहार पहुंचाने की योजना थी।
पुलिस ने दोनों वाहनों की तलाशी में कुल 471 पेटी विभिन्न ब्रांड की शराब बरामद की। तीनों आरोपितों के खिलाफ संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। बरामद पिकअप वाहनों को भी सीज कर आगे की विधिक कार्रवाई की जा रही है।