बलिया

Ballia News: सड़क हादसे में छात्र की मौत, मचा कोहराम

बेल्थरा रोड क्षेत्र में बुधवार को एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया, जिसमें 14 वर्षीय छात्र की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दो अन्य छात्र गंभीर रूप से घायल हो गए। यह हादसा चौकियां–बेल्थरा मार्ग पर स्थित आदित्य मैरेज हॉल के समीप उस समय हुआ, जब तीन छात्र एक ही बाइक पर सवार होकर जा रहे थे।

2 min read
Jan 14, 2026
Ballia news,pic- patrika

Ballia News: बलिया जिले के बेल्थरा रोड क्षेत्र में बुधवार को एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया, जिसमें 14 वर्षीय छात्र की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दो अन्य छात्र गंभीर रूप से घायल हो गए। यह हादसा चौकियां–बेल्थरा मार्ग पर स्थित आदित्य मैरेज हॉल के समीप उस समय हुआ, जब तीन छात्र एक ही बाइक पर सवार होकर जा रहे थे।


प्राप्त जानकारी के अनुसार, बाइक सवार छात्र ओवरटेक करने का प्रयास कर रहे थे, तभी उनकी बाइक सामने से आ रहे एक चार पहिया वाहन से टकरा गई। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि बाइक सवार तीनों छात्र सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। आसपास मौजूद स्थानीय लोगों ने तत्परता दिखाते हुए घायलों को सड़क से उठाया और एंबुलेंस की मदद से सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र सीयर पहुंचाया।


सीएचसी सीयर में डॉक्टरों ने जांच के बाद एक छात्र को मृत घोषित कर दिया। मृतक की पहचान टेकनपुरा निवासी धनंजय यादव के 14 वर्षीय पुत्र करन यादव के रूप में हुई है। करन अपने दो भाइयों में सबसे बड़ा था और घटना के समय बाइक चला रहा था। करन की असामयिक मौत से परिवार में कोहराम मच गया है। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है, वहीं गांव में भी शोक का माहौल है।


हादसे में घायल हुए अन्य छात्रों में चौकियां निवासी 16 वर्षीय प्रिंस कुमार शामिल हैं, जिनका दाहिना पैर टूट गया है। उनका इलाज सीएचसी में चल रहा है। तीसरे घायल छात्र की स्थिति भी गंभीर बताई जा रही है, जिसे प्राथमिक उपचार के बाद बेहतर इलाज के लिए रेफर किए जाने की संभावना है।


घटना की सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और दुर्घटना की जानकारी ली। पुलिस ने मृतक के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है तथा मामले की जांच शुरू कर दी है। पुलिस का कहना है कि दुर्घटना के कारणों की जांच की जा रही है और आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।

Also Read
View All

अगली खबर