नगरा थाना क्षेत्र के बछईपुर गांव में शनिवार देर रात एक दिल दहला देने वाली वारदात सामने आई, जहां एक दामाद ने अपनी पत्नी और सास की धारदार हथियार से हत्या कर दी। इस हमले में ससुर गंभीर रूप से घायल हो गए, जबकि तीन वर्षीय मासूम बेटे को भी चोटें आई हैं। घायल ससुर का इलाज वाराणसी में चल रहा है।
Ballia Murder: बलिया जनपद के नगरा थाना क्षेत्र के बछईपुर गांव में शनिवार देर रात एक दिल दहला देने वाली वारदात सामने आई, जहां एक दामाद ने अपनी पत्नी और सास की धारदार हथियार से हत्या कर दी। इस हमले में ससुर गंभीर रूप से घायल हो गए, जबकि तीन वर्षीय मासूम बेटे को भी चोटें आई हैं। घायल ससुर का इलाज वाराणसी में चल रहा है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, बछईपुर निवासी अंतू गोंड ने अपनी बेटी प्रीति उर्फ बंटी की शादी वर्ष 2022 में गड़वार थाना क्षेत्र के सिन्हाचवर निवासी अमित कुमार से की थी। शादी के कुछ समय बाद ही पति-पत्नी के बीच विवाद शुरू हो गया था। पारिवारिक कलह बढ़ने पर करीब एक महीने पहले प्रीति अपने मायके बछईपुर आकर रहने लगी थी।
बताया जा रहा है कि शनिवार देर रात आरोपी अमित कुमार एक अन्य युवक के साथ बाइक से बछईपुर पहुंचा। उसने अपनी बाइक गांव से कुछ दूरी पर खड़ी की और पैदल ही ससुराल की ओर बढ़ा। आरोपी ने पड़ोसी के घर की दीवार के सहारे छत पर चढ़कर घर में प्रवेश किया।
घर में घुसते ही उसने सबसे पहले अपनी पत्नी प्रीति (23) पर हमला किया। चीख-पुकार सुनकर बचाने पहुंची सास कौशल्या देवी (50) पर भी उसने ताबड़तोड़ वार किए, जिससे दोनों की मौके पर ही मौत हो गई। शोर सुनकर मौके पर पहुंचे ससुर अंतू (54) को भी आरोपी ने गंभीर रूप से घायल कर दिया। इस दौरान उसने अपने तीन वर्षीय बेटे अवि को भी चोट पहुंचाई।
घटना की सूचना मिलते ही नगरा थाना पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस ने घायल ससुर को तत्काल अस्पताल पहुंचाया, जहां से उन्हें बेहतर इलाज के लिए वाराणसी रेफर किया गया।
मामले में पुलिस अधीक्षक ओमवीर सिंह ने बताया कि आरोपी की पहचान अमित कुमार के रूप में हुई है। घटना के बाद से वह फरार है। उसकी गिरफ्तारी के लिए तीन पुलिस टीमें गठित की गई हैं, जो संभावित ठिकानों पर लगातार दबिश दे रही हैं। मौके पर स्वाट, सर्विलांस और फील्ड यूनिट की टीमें भी जांच में जुटी हुई हैं। पुलिस का कहना है कि जल्द ही आरोपी को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।