बलिया

खेत से मक्का उखाड़ना पड़ा भारी, पीट-पीटकर की गई वृद्ध की हत्या, हिरासत में आरोपी

मक्के का पौधा उखाड़ने को लेकर हुए मामूली विवाद में वृद्ध की हत्या कर दी गई है। आरोप है कि विपक्षियों ने लाठी डंडों से पीट कर उनकी हत्या की है। घटना के बाद मौके पर पुलिस बल तैनात किया गया है...

2 min read
Mar 27, 2026
Pic- social media (X)

बलिया: जिले के रेवती थाना क्षेत्र के एक कस्बे में स्थित एक खेत में से मक्के का पौधा उखाड़ने को लेकर बुजुर्ग की हत्या किए जाने का सनसनीखेज मामला सामने आया है। बताया जा रहा है कि मृतक श्रीराम पांडे (66) ने गांव के ही एक शख्स के खेत में से पौधा उखाड़ लिया था। इसके बाद आरोपी ने उन्हें अंजाम भुगतने की धमकी दी थी। वहीं, शुक्रवार की सुबह गेहूं के खेत से श्रीराम पांडे का शव बरामद हुआ है।

पुलिस को फोन पर मिली थी सूचना

जानकारी के मुताबिक, शुक्रवार की सुबह डायल 112 को सूचना मिली कि वार्ड नंबर 2 के रहने वाले श्री राम पांडे का शव घर के पास ही स्थित गेहूं के एक खेत में पड़ा हुआ है। सूचना मिलने के बाद पीआरबी की टीम और स्थानीय थाना पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का जायजा लिया। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।

मृतक के भतीजे ने दी जानकारी

मृतक के भतीजे योगेश पांडे ने बताया कि बड़े पापा ने शराब के नशे में भृगु नाथ सिंह के खेत में से कुछ मक्के के पौधे उखाड़ दिए थे। इसके बाद भृगु नाथ ने उन्हें अंजाम भुगतने की धमकी दी थी। योगेश ने बताया कि उनके बड़े पापा के बेटे गुजरात में रहकर नौकरी करते हैं और उनकी दो बेटियों की शादी हो चुकी है, वह घर पर अकेले ही रहते थे। योगेश ने बताया कि उनके बड़े पापा की लाठी डंडों से पीट कर हत्या की गई है।

क्या बोले एसपी

घटना के बारे में पुलिस अधीक्षक ओमवीर सिंह ने बताया कि श्री राम पांडे के घर के आस-पास के लोगों और परिजनों से पूछताछ में पता चला है कि गांव के ही भृगु नाथ सिंह, मारकंडेय सिंह और ओमप्रकाश सिंह के साथ मक्का तोड़ने को लेकर उनका विवाद हुआ था और उन्हें जान से मारने की धमकी दी गई थी। घटना के बाद तीनों आरोपियों को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी गई है।

उन्होंने बताया कि मामला संवेदनशील है, इसलिए तीन थानों की फोर्स को इलाके में तैनात किया गया है ताकि कोई अप्रिय घटना न घट सके। इसके साथ ही अपर पुलिस अधीक्षक कृपा शंकर और क्षेत्राधिकारी फहीम कुरैशी को भी मौके पर भेजा गया है। उन्होंने बताया कि आपसी विवाद के अलावा और भी कई पहलुओं से इस मामले की जांच की जा रही है।

Published on:
27 Mar 2026 12:41 pm
Also Read
View All

अगली खबर