बलिया में बृजेश नामक युवक ने फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली है। बताया जा रहा है कि उसका उसकी पत्नी से विवाद हुआ करता था और बृजेश नशे का आदि था...
बलिया: उभाव थाना क्षेत्र के एक गांव में एक युवक ने घर में पंखे के हुक के सहारे फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली है। बताया जा रहा है कि युवक का उसकी पत्नी से आए दिन विवाद होता रहता था। युवक के पिता ने बताया कि वह नशे का आदी था, यही वजह थी कि उसकी पत्नी से उसका विवाद होता था और पत्नी कई बार मायके चली जाया करती थी।
जानकारी के मुताबिक, पीपरोला बड़ा गांव के असरेपुर में बृजेश पासी (30) नामक युवक ने फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली है। मंगलवार की रात कमरे में जाने के बाद कोई हलचल नहीं हुई तो उसके पिता ने खिड़की से झांक कर देखा तो उनके पैरों से जमीन खिसक गई। उन्होंने देखा कि उनका बेटा पंखे के हुक के सहारे फांसी के फंदे पर झूल रहा था।
घटना की जानकारी होने पर आसपास के लोग और ग्रामीण मौके पर पहुंचे और पुलिस को सूचना दी। वहीं, मौके पर पहुंची पुलिस ने बृजेश के शव को फंदे से नीचे उतरा और कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
बृजेश के पिता ने बताया कि वह दिनभर बहुत सामान्य रूप से व्यवहार कर रहा था और शाम को अपने कमरे में चला गया था और अंदर से दरवाजा बंद कर लिया। उन्होंने बताया कि काफी देर तक जब कमरे में किसी प्रकार की हलचल नहीं हुई तो उन्होंने खिड़की से झांक कर देखा तो उनके सामने यह भयानक मंजर था।
बृजेश के पिता राजदेव ने बताया कि वह नशे का आदी था और अक्सर नशे में अपनी पत्नी से विवाद किया करता था। उन्होंने बताया कि घर में आए दिन हो रहे विवाद के कारण उसकी पत्नी बीच-बीच में मायके चली जाती थी। इस वजह से वह काफी दुखी भी रहता था, लेकिन पत्नी के वापस लौट के बाद फिर से उसका रवैया इस तरह का हो जाया करता था।
मृतक बृजेश अपने पीछे अपने दो बेटों को छोड़ गया है जिनमें 5 वर्षीय आदित्य और 4 वर्षीय अंकुश शामिल हैं। बृजेश की मौत के बाद उसकी पत्नी, बच्चों और पिता का रो-रोकर बुरा हाल है। वहीं, गांव के लोग भी इस घटना को लेकर स्तब्ध नजर आए।
थाना अध्यक्ष संजय शुक्ला ने बताया कि घटना की जानकारी होने के बाद पुलिस मौके पर पहुंची और मृतक के शव को फंदे से उतर कर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। उन्होंने बताया कि परिवार के भी बयान दर्ज किए गए हैं। पुलिस के मुताबिक, विभिन्न पहलुओं पर इस मामले की जांच की जा रही है। उन्होंने बताया कि युवक द्वारा यह कदम क्यों उठाया गया इस बात की पूरी जानकारी नहीं हो सकी है।