
Ballia news, pic;- patrika
Ballia Education News: बलिया जनपद के शिक्षा विभाग में फर्जी अंकपत्र के सहारे नौकरी पाने का मामला सामने आने के बाद बड़ी कार्रवाई की गई है। प्राथमिक विद्यालय नोनियापुरा (बाछापार), शिक्षा क्षेत्र पन्दह में तैनात प्रधानाध्यापक ध्रुवनाथ यादव को सेवा से बर्खास्त कर दिया गया है। विभाग ने उनकी नियुक्ति को प्रारंभिक तिथि से ही अमान्य घोषित कर दिया है।
सहायक शिक्षा निदेशक मनोज कुमार मिश्रा के अनुसार, ध्रुवनाथ यादव की नियुक्ति चयन समिति द्वारा सहायक अध्यापक पद पर की गई थी और उन्हें एक वर्ष के परिवीक्षाकाल पर रखा गया था। नियुक्ति के समय उन्होंने शपथ पत्र के माध्यम से अपने शैक्षिक प्रमाणपत्रों को सही बताया था और यह भी स्वीकार किया था कि दस्तावेज गलत पाए जाने पर नियुक्ति निरस्त की जा सकती है।
बाद में शिकायत मिलने पर आजमगढ़ मंडल स्तर से जांच कराई गई। जांच में श्री बजरंग स्नातकोत्तर महाविद्यालय, सिकंदरपुर (बलिया) से प्रमाणपत्रों का सत्यापन कराया गया, जिसमें अंकपत्र में गड़बड़ी सामने आई। मानव सम्पदा पोर्टल पर उनके बीए के कुल अंक 504 दर्ज थे, जबकि महाविद्यालय के अभिलेखों में 445 अंक पाए गए। इस प्रकार 59 अंक अधिक दर्शाकर नौकरी हासिल करने की पुष्टि हुई।
जांच में यह भी पाया गया कि बीएड अंकपत्र में उत्तीर्ण वर्ष, संस्थान का नाम और अनुक्रमांक में भी अंतर था। विभाग द्वारा स्पष्टीकरण का अवसर दिए जाने के बावजूद उनका जवाब संतोषजनक नहीं पाया गया। इसके बाद नियमानुसार कार्रवाई करते हुए उन्हें सेवा से हटा दिया गया।
विभाग अब उनके द्वारा अब तक प्राप्त वेतन और भत्तों की वसूली की प्रक्रिया भी शुरू कर सकता है। साथ ही मानव सम्पदा पोर्टल पर अभिलेखों के सत्यापन में लापरवाही बरतने वाले संबंधित अधिकारियों की भूमिका की भी जांच की जा रही है।
Updated on:
31 Mar 2026 08:10 am
Published on:
31 Mar 2026 08:10 am
