
बलिया. औड़िहार-सिटी स्टेशन के बाद मंगलवार से सिटी स्टेशन-बलिया के बीच इलेक्ट्रॉनिक इंटरलॉकिंग का कार्य शुरू होगा। जिसके वजह से उस रूट से आने -जाने वाली कई ट्रेनें प्रभावित रहेंगी। यात्रियों को इन परिस्थितियों का सामना न करना पड़े इसलिए ये खबर जरूर पढ़ लें।
बता दें कि बहुत दिन से इस कार्य को कराने की चर्चा हो रही थी। पहले दिन ढोढ़ाडीह, करीमुद्दीनपुर व ताजपुर में कार्य किया जाएगा। दूसरे दिन चितबड़ागांव, फेफना और बलिया, शहबाजकुली स्टेशनों पर काम होगा। इसके चलते ब्लॉक लेने के कारण वाराणसी-फेफना डीएमयू तथा छपरा-वाराणसी पैसेंजर सहित अन्य कई ट्रेनें प्रभावित होने की संभावना है।
इन दिनों औड़िहार-बलिया के बीच सभी स्टेशनों पर सिग्नल व्यवस्था को आधुनिक करने का कार्य तेजी पर है। सभी स्टेशनों पर इलेक्ट्रॉनिक इंटरलॉकिंग करने के साथ पूरी व्यवस्था को कंप्यूटराइज किया जा रहा है।
औड़िहार से सिटी स्टेशन के बीच कार्य पूरा हो चुका है। हालांकि सिटी स्टेशन पर कुछ मशीनें लगाई गई हैं जबकि बाकी मशीनें शहबाजकुली पर इलेक्ट्रानिक इंटरलॉकिंग लगने के बाद सिटी स्टेशन पर सिग्नल व्यवस्था को पूरी तरह से कंप्यूटराइज किया जाएगा।
जनसंपर्क अधिकारी अशोक कुमार ने बताया कि ब्लॉक लेने का निर्णय सिग्नल विभाग लेता है। कार्य की सहूलियत के अनुसार ब्लॉक लिया जाता है। साथ ही इसका भी ध्यान रखा जाता है कि ऐसे समय पर काम किया जाए जब ट्रेनों का आवागमन कम हो।