बिजली का तार चोरी करके उसे बेचने वाले गैंग के साथ पुलिस की मुठभेड़ हुई है। बताया जा रहा है की इस मुठभेड़ में 2 आरोपियों के पैर में गोली लगने की वजह से घायल हुए हैं। इस मामले में पुलिस ने कुल 7 बदमाशों को गिरफ्तार किया है...
बलिया: बिजली का तार चोरी करके उसे बेचने वाले गैंग के साथ पुलिस की मुठभेड़ हुई है। बताया जा रहा है की इस मुठभेड़ में 2 आरोपियों के पैर में गोली लगने की वजह से घायल हुए हैं। इस मामले में पुलिस ने कुल 7 बदमाशों को गिरफ्तार किया है। वहीं, घायल दो बदमाशों को पुलिस ने इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया है।
जानकारी के मुताबिक, साहतवार और बांसडीह पुलिस की बिजली का तार चोरी करके बेचने वाले एक गैंग के साथ मुठभेड़ हुई है। पुलिस संग हुई इस मुठभेड़ में कुल सात बदमाश गिरफ्तार हुए हैं। दोनों थाने की टीम अकबरपुर गांव में संदिग्ध लोगों और वाहनों की चेकिंग कर रही थी इसी दौरान एक चार पहिया वाहन से सवार होकर आ रहे हैं सात लोगों को पुलिस ने रोकने की कोशिश की। आरोपी पुलिस से घिरता देख भागने की कोशिश करने लगे और पुलिस टीम पर फायरिंग कर दी।
पुलिस की जवाबी कार्रवाई में टिंकू कुमार शाह और शमीम अंसारी के दाहिने पैर में गोली लगी। इसके बाद उनके आए उनके पांच अन्य साथियों ने आत्मसमर्पण कर दिया। बताया जा रहा है कि पुलिस ने अरविंद यादव, मन्नू कुमार शाह, रोहन कुमार पांडे, फिरोज खान और अभिषेक को भी गिरफ्तार कर लिया है। गिरफ्तार आरोपी के कब्जे से दो तमंचा, कारतूस, चोरी का तार, पिलास, आरी और रबड़ के ग्लव्स बरामद हुए हैं।
पुलिस के मुताबिक, सभी आरोपियों के पास से एक एक चाकू भी बरामद हुआ है और जिस चार पहिया वाहन से आरोपी आए थे उसमें से बिजली का तार काटने के उपकरण बरामद हुए हैं। अपर पुलिस अधीक्षक उत्तरी दिनेश कुमार शुक्ला ने बताया कि 26 मार्च की देर रात दुधैला और 30 मार्च की देर रात अकबरपुर गांव से आरोपियों ने बिजली के तार काट लिए थे। इसके साथ ही ट्रांसफार्मर से सामान भी चोरी कर लिया था।
उन्होंने बताया कि पुलिस की गोली लगने से घायल हुए दोनों बदमाशों को अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उनका डॉक्टरों की देखरेख में इलाज चल रहा है। वहीं, अन्य पांच आरोपियों को न्यायालय में पेश कर जेल भेजने की तैयारी की जा रही है।