बलिया

दुकानदार की गला रेतकर हत्या, ट्यूबवेल के समीप से शव बरामद, घटनास्थल से मिली शराब की बोतलें

गोविंदपुर दुगौली गांव के रहने वाले बंधु यादव (46) की गला रेतकर हत्या कर दी गई है। शुक्रवार की शाम जब वह दुकान बंद कर घर नहीं लौटे तो उनके बेटे ने उनकी खोजबीन शुरू की। गांव के पास ही स्थित एक ट्यूबवेल से उनका शव बरामद हुआ है....

2 min read
Mar 21, 2026
मृतक के घर के आगे इकठ्ठा हुए ग्रामीण, फोटो- सोशल मीडिया X

बलिया: भीमपुरा थाना क्षेत्र के एक गांव में एक व्यक्ति की गला रेतकर हत्या किए जाने का मामला सामने आया है। बताया जा रहा है कि शख्स का शव गांव के ही पास में स्थित एक ट्यूबवेल से बरामद किया गया है। इसके साथ की घटनास्थल से शराब की खाली बोतलें भी बरामद हुई हैं। मामले की जानकारी होने के बाद पुलिस आरोपियों की खोजबीन में जुटी हुई है।

जानकारी के मुताबिक भीमपुरा थाना क्षेत्र के गोविंदपुर दुगौली गांव के रहने वाले बंधु यादव (46) की गला रेतकर हत्या कर दी गई है। शुक्रवार की शाम जब वह दुकान बंद कर घर नहीं लौटे तो उनके बेटे ने उनकी खोजबीन शुरू की। गांव के पास ही स्थित एक ट्यूबवेल से उनका शव बरामद हुआ है, जिसके बाद बेटे की सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची।

परिजन क्या बोले

बंधु यादव के बेटे गोलू यादव ने बताया कि बेलथरा रोड पर उनकी एक मोबिल की दुकान है, जहां से बंधु यादव रोज शाम को घर आते थे और सुबह दुकान के खोलने के लिए चले जाते थे। शुक्रवार की देर रात तक वह घर नहीं लौटे और इस दौरान खोजबीन की गई तो ट्यूब वेल के पास वह अचेत मिले। उनके गले पर धारदार हथियार से रेते जाने का निशान था और वह खून से लथपथ थे।

पत्नी, दो बेटे और बेटी को पीछे छोड़ गए बंधु

बंधु के परिवार में उनकी पत्नी आशा देवी दो बेटे और एक बेटी है। घटना की जानकारी होने के बाद परिजनों में कोहराम मचा हुआ है। गांव के लोगों ने बताया कि बंधु शांत और सरल स्वभाव के थे। उनका किसी के साथ भी कोई मनमुटाव नहीं था। फिलहाल, पुलिस कई एंगल से मामले की जांच कर रही है।

क्या बोली पुलिस

एडिशनल एसपी उत्तरी दिनेश चंद्र शुक्ला ने बताया कि पुलिस को शव मिलने की जानकारी होने के बाद मौके पर पहुंच कर देखा गया तो घटनास्थल से शराब की खाली बोतलें बाइक और मोबाइल फोन बरामद हुआ है। उन्होंने बताया कि बंधु की बाइक भी घटना स्थल पर खड़ी थी। पुलिस के मुताबिक, शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है।परिजनों ने तहरीर दी है और तहरीर के आधार पर मुकदमा भी दर्ज कर लिया गया है। जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।

Published on:
21 Mar 2026 02:19 pm
Also Read
View All

अगली खबर