उत्तर प्रदेश के बलिया जिले में दो बोरी गेहूं के विवाद ने परिवार उजाड़ दिया। बेटे ने गुस्से में पिता की हत्या कर दी। मां को भी घायल कर दिया। घटना ने इंसानियत और रिश्तों को झकझोर कर रख दिया।
उत्तर प्रदेश के बलिया जिले से एक बेहद चौंकाने वाली घटना सामने आई है। जहां महज दो बोरी गेहूं को लेकर हुए विवाद ने खूनी रूप ले लिया। बेटे ने अपने पिता की हत्या कर दी। मां को भी गंभीर रूप से घायल कर दिया। घटना के बाद इलाके में सनसनी फैल गई। पुलिस ने आरोपी बेटे को हिरासत में लेकर मामले की जांच शुरू कर दी है।
बलिया जिले के रसड़ा कोतवाली क्षेत्र के नत्थूपुर गांव में एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। जहां मामूली विवाद ने एक परिवार को उजाड़ दिया। यहां दो बोरी गेहूं को लेकर शुरू हुआ झगड़ा इतना बढ़ गया कि बेटे ने अपने ही पिता की हत्या कर दी। मां को भी बुरी तरह घायल कर दिया। सीओ ने बताया कि रसड़ा पुलिस को सूचना मिली थी कि गांव नत्थूपुर में 75 वर्षीय महेंद्र चौहान का शव उनके घर के पास पड़ा हुआ है। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची। शव को कब्जे में लेकर पंचनामा की कार्रवाई के बाद पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। घटनास्थल पर ही मृतक की पत्नी भी गंभीर हालत में पड़ी मिलीं। पुलिस ने उन्हें तुरंत उसे इलाज के लिए भेजा। जहां प्राथमिक उपचार के बाद उनकी हालत को देखते हुए बलिया मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया गया।
परिवार के ही सदस्य सुकू ने पुलिस को बताया कि उनके पिता महेंद्र चौहान का उनके भाई पप्पू चौहान से पिछले दो दिनों से विवाद चल रहा था। यह विवाद बेटी को दो बोरी गेहूं देने को लेकर हुआ था। इसी बात पर गुस्से में आकर पप्पू चौहान ने अपने पिता की हत्या कर दी। और मां को भी घायल कर दिया।
पुलिस ने सुकू की तहरीर पर मामला दर्ज कर लिया है। और आरोपी बेटे को हिरासत में लेकर पूछताछ कर रही है। इस घटना के बाद पूरे गांव में दहशत और शोक का माहौल है। लोग इस बात से हैरान हैं कि आखिर दो बोरी गेहूं के लिए कोई बेटा इतना बड़ा कदम कैसे उठा सकता है। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की गहराई से जांच कर रही है और आगे की कार्रवाई जारी है।