बलिया

पत्नी के चरित्रहीन होने के शक में पति बना हैवान, कमरे में बंद कर की जिंदा जलाने की कोशिश, गंभीर रूप से झुलसी पत्नी

बलिया में पति ने अपनी पत्नी पर चरित्रहीन होने का आरोप लगाते हुए उसे जिंदा जलाने की कोशिश की। इसके बाद मंगलवार की सुबह पत्नी थाने पहुंची और पुलिस को लिखित शिकायत दी है...
2 min read
Mar 24, 2026
Feature image

बलिया: बांसडीहरोड थाना क्षेत्र के एक गांव में सनसनीखेज मामला सामने आया है। आरोप है कि एक पति ने अपनी पत्नी पर चरित्रहीन होने का आरोप लगाते हुए उसे जिंदा जलाने की कोशिश की। इसके बाद मंगलवार की सुबह पत्नी थाने पहुंची और पुलिस को लिखित शिकायत दी है। पीड़िता के मुताबिक, यह घटना 20 मार्च की है लेकिन वह अस्पताल में इलाज करवा रही थी इसलिए शिकायत दर्ज नहीं करवा सकी।

जानकारी के मुताबिक, साहोडीह के रहने वाले नितिन राजभर पर उसकी पत्नी लालसा देवी को जिंदा जलाने की कोशिश किए जाने का आरोप लगा है। बताया जा रहा है कि नितिन अपनी पत्नी लालसा पर अवैध संबंध होने का शक करता था। इसी कारण से घर में दोनों के बीच लड़ाई झगड़े होते रहते थे। पीड़िता ने पुलिस को दी तहरीर में बताया है कि 20 मार्च के दिन भी दोनों के बीच काफी झगड़ा हुआ था।

पति पर साड़ी में आग लगाने का आरोप

पुलिस को दी गई तहरीर में लालसा देवी ने आरोप लगाया है कि झगड़ा होने के बाद उसका पति आपा खो दिया और लालसा को कमरे में बंद कर उसने उसकी साड़ी में आग लगा दी, जिससे वह गंभीर रूप से झुलस गई। पीड़िता ने बताया कि आग से जलने के कारण वह दर्द से चीखने लगी और किसी तरह उसने दरवाजा खोलकर अपनी जान बचाई।

चार दिन तक अस्पताल में चला इलाज

पीड़िता ने बताया कि इस दौरान उसका पति घर छोड़कर फरार हो गया और काफी देर तक उसे किसी प्रकार की मदद नहीं मिली। गंभीर रूप से झुलसने के बाद पीड़िता ने फोन पर पूरी घटना की जानकारी मायके पक्ष को दी और सूचना के बाद उसकी मां मौके पर पहुंची और जिला अस्पताल में भर्ती कराया, जहां लगातार 4 दिन से उसका इलाज चल रहा था।

पीड़िता ने बताया कि लोक लाज के डर से वह शिकायत दर्ज नहीं करवाना चाहती थी, लेकिन उसे शक था कि उसका पति दोबारा फिर से ऐसी हरकत कर सकता है, जिसके परिणाम गंभीर हो सकते हैं। इसके बाद पीड़िता ने थाने में अपने पति के खिलाफ शिकायत दर्ज करवाई है। घटना की जानकारी होने पर थाने में मौजूद पुलिसकर्मी भी हैरान नजर आए।

क्या बोली पुलिस

थाना अध्यक्ष ने बताया कि पीड़िता ने अपने पति के खिलाफ उसे जिंदा जलाने और जान से मारने की कोशिश की शिकायत दर्ज कराई है। पीड़िता की तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। फिलहाल आरोपी फरार है और उसकी गिरफ्तारी के लिए लगातार दबिश दी जा रही है।उन्होंने बताया कि जल्द ही आरोपी पति को गिरफ्तार कर लिया जाएगा और उसके खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

Updated on:
24 Mar 2026 05:37 pm
Published on:
24 Mar 2026 05:37 pm