बलिया

सरिया बांधते समय गिरा निर्माणाधीन पुल का ढांचा, 2 मजदूरों की गई जान, 2 हुए घायल

मधुबनी गांव में एक निर्माणाधीन पुल का लोहे का ढांचा नीचे गिर गया, जिसमें चार मजदूर दब गए। इस हादसे में 2 मजदूरों की मौत हो गई है जबकि दो लोग घायल हुए हैं...

2 min read
Mar 25, 2026
Pic-social media (X)

बलिया के बेल्थरा रोड इलाके में एक दर्दनाक हादसा हो गया है। बताया जा रहा है कि यहां एक पुल का निर्माण किया जा रहा था और इस दौरान लोहे का एक भारी ढांचा नीचे गिर गया, जिसकी जद में आने से दो मजदूरों की मौत हो गई है। वहीं, दो मजदूर घायल हुए हैं, जिनका अस्पताल में इलाज चल रहा है।

बेल्थरा रोड इलाके के मधुबनी गांव में एक निर्माणाधीन पुल का लोहे का ढांचा नीचे गिर गया, जिसमें चार मजदूर दब गए। हादसे की जानकारी होने के बाद ठेकेदार और आसपास के लोग मौके पर पहुंचे और जेसीबी की मदद से मलबे में दबे मजदूरों को बाहर निकाला। घटना की जानकारी पुलिस को भी दी गई, जिसके बाद मौके पर पुलिस पहुंची और एंबुलेंस की मदद से सभी घायलों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया।

एक मजदूर की हालत गंभीर

सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में डॉक्टरों ने जांच के बाद दो मजदूरों को मृत घोषित कर दिया गया, जिनकी पहचान पप्पू और अमित के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि दोनों ही लखीमपुर जिले के रहने वाले थे। इस दुर्घटना में पीलीभीत निवासी जुगल को गंभीर रूप से चोट लगी है, जिसका अस्पताल में ही इलाज चल रहा है। वहीं, एक अन्य मजदूर भी घायल हुआ था, जिससे प्राथमिक उपचार के बाद अस्पताल से डिस्चार्ज कर दिया गया है।

ढांचा असंतुलित होकर गिर पड़ा

घायल मजदूर ने बताया कि जब वह सरिया बांध रहे थे इसी दौरान ढांचा असंतुलित हो गया और भरभराकर गिर पड़ा। घटना के बाद इलाके में हड़कंप मच गया। सूत्रों की मानें तो निर्माण कार्य में सुरक्षा नियमों का पालन नहीं किया जा रहा था, इसी कारण यह दर्दनाक हादसा हुआ है। घटना के बाद प्रशासनिक अधिकारी मौके पर पहुंचे और हालात का जायजा लिया।

क्या बोली पुलिस

पुलिस ने बताया कि सूचना मिली थी कि पुल निर्माण के दौरान लोहे का ढांचा नीचे गिर गया है, जिसमें कुछ मजदूर दब गए हैं। मौके पर राहत और बचाव अभियान चलाया गया। इस दौरान दो मजदूरों की मौत हो गई, जबकि दो घायल हुए हैं। पुलिस अधिकारियों ने बताया कि पूरे मामले की जांच शुरू कर दी गई है। वहीं, मृतकों के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है।

पुलिस के मुताबिक, प्रारंभिक जांच में निर्माण कार्य में लापरवाही और सुरक्षा उपायों की अनदेखी को हादसे का कारण माना जा रहा है। फिलहाल, तहरीर मिलने के बाद मामले में नियमानुसार आवश्यक विधिक कार्रवाई की जाएगी। वहीं, घटना के बाद लोगों ने जिला प्रशासन से सख्त कार्रवाई की मांग की है। जिला प्रशासन ने ग्रामीणों को आश्वासन दिया है कि जांच के आधार पर दोषियों पर उचित कार्रवाई की जाएगी।

Published on:
25 Mar 2026 01:18 pm
Also Read
View All

अगली खबर