बलिया

इकलौते बेटे की मौत से टूटा परिवार, मां की चीखें और गर्भवती पत्नी का रो-रोकर हुआ बुरा हाल

उत्तर प्रदेश के बलिया जिले में गुरुवार देर रात एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। पटपर पेट्रोल पंप के पास तेज रफ्तार स्कॉर्पियो ने बाइक सवार दो युवकों को टक्कर मार दी।

2 min read
Nov 28, 2025
दर्दनाक हादसे के बाद बिलखतीं महिलाएं

उत्तर प्रदेश के बलिया जिले में गुरुवार देर रात एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। पटपर पेट्रोल पंप के पास तेज रफ्तार स्कॉर्पियो ने बाइक सवार दो युवकों को टक्कर मार दी। हादसे में खड़सरा निवासी संतोष सिंह टुनटुन की मौत हो गई, जबकि मधुरेन्द्र सिंह गंभीर रूप से घायल हैं और मऊ के निजी अस्पताल में उनका इलाज चल रहा है। दोनों पिपरा से निमंत्रण करके घर लौट रहे थे।

15 साल पहले हो चुका था पिता का निधन

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, जैसे ही बाइक मुख्य मार्ग पर चढ़ी, पीछे से तेज रफ्तार स्कॉर्पियो ने जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जोरदार थी कि दोनों युवक लगभग 10 फीट दूर जा गिरे। लोगों ने तुरंत दोनों को जिला अस्पताल पहुंचाया, लेकिन संतोष ने इलाज के दौरान दम तोड़ दिया। हादसे के बाद स्कॉर्पियो चालक वाहन छोड़कर फरार हो गया। पुलिस ने गाड़ी कब्जे में लेकर चालक की तलाश शुरू कर दी है। संतोष सिंह परिवार के इकलौते पुत्र थे। उनके पिता का निधन लगभग 15 साल पहले हो चुका था, इसलिए घर की सारी जिम्मेदारी वही निभाते थे।

गांव में शोक की लहर

इस दर्दनाक हादसे ने संतोष सिंह के परिवार को पूरी तरह टूट कर रख दिया। सुबह हादसे की खबर मिलते ही घर में कोहराम मच गया। उधर आंगन में गर्भवती पत्नी वंदना सिंह, जिनकी डिलीवरी 30 नवंबर तक होनी है, सदमे से बार-बार बेहोश हो रहीं थीं। आसपास की महिलाएं उन्हें संभालने में लगी थीं, लेकिन उनका दर्द और चीख-पुकार पूरे माहौल को गमगीन कर रहा था।

संतोष के दोनों छोटे बेटे शौर्य प्रताप और वीर प्रताप अब तक ये नहीं समझ पाए कि आखिर हुआ क्या है। गांव में शोक की लहर है और हर कोई संतोष की अकाल मौत से दुखी है। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर आवश्यक कार्रवाई की है और मामले की जांच जारी है।

Published on:
28 Nov 2025 11:29 pm
Also Read
View All

अगली खबर