
बालोद/कलंगपुर. गुंडरदेही से धमतरी मुख्य मार्ग में कलंगपुर के समीप दिल दहलाने वाली दर्दनाक दुर्घटना हो गई। इसमें एक युवक की मौत हो गई। दुर्घटना के बाद वाहन फरार हो गया। जानकारी अनुसार हाथठेला धकेलते हुए घर जा रहे युवक को अज्ञात वाहन ने पीछे से जोरदार ठोकर मारते हुए भाग गया। इससे युवक ने घटना स्थल पर ही दम तोड़ दिया। वहीं ठेला पूरी तरह से क्षतिग्रस्त हो गया।
खाद्य पदार्थ की लगाता था दुकान
प्राप्त जानकारी अनुसार घटना 23 जुलाई सोमवार की रात 9 से 10 बजे के बीच की है। रोज की तरह ग्राम कलंगपुर निवासी चेतन लाल सिन्हा (36) पिता कुन्दल राम हाथठेला में खाद्य पदार्थ की दुकान गांव के समीप ग्राम मुन्देरा चौक पर लगाता था। घटना के दिन भी वह रात में दुकान बंद कर ठेला लेकर घर जा रहा था कि पीछे से आ रहा अज्ञात वाहन ने जोरदार ठोकर मारते हुए फरार हो गया।
राहगीरों की सूचना पर घटना स्थल पर पहुंची पुलिस
इसी दौरानसड़क पर चल रहे कुछ राहगीरों ने घटना की जानकारी गांव वालों को दी। साथ ही रनचिराई पुलिस को सूचना दी। मौके पर पुलिस तत्काल पहुंच कर अज्ञात वाहन के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की। मृतक के शव का पंचनामा कर गांव वालों की मदद से शव को गुंडरदेही मारच्युरी पहुंचाया। दूसरे दिन सुबह शव का पोष्टमार्टम के बाद परिजन को सौंपा गया।
हाइवा से दुर्घटना की है आशंका
घटना स्थल को देखने से पता चलता है कि अज्ञात भारी वाहन ने मृतक को चपेट में ले लिया और भाग गया। घटना स्थल पर बड़े वाहन ट्रक हाईवा के पहिए के निशान हैं। ज्ञात रहे इस मार्ग से प्रतिदिन रात-दिन बड़ी संख्या में हाईवा रेत भरकर तेज रफ्तार से गुजरते हैं। युवक की अचानक मौत से कलंगपुर में शोक व्याप्त है। ग्रामीणों के अनुसार मृतक बहुत सरल व अच्छे स्वभाव का था। घटना की रात भी मृतक की पत्नी व उनकी दोनों बच्चियां अपने पापा के आने का इंतज़ार कर रहे थे। घटना की सूचना मिली तो पत्नी व बच्चों का रो-रो कर बुरा हाल है।