बालोद

पूजा-पाठ के बीच खून की उल्टी का नाटक कर कहा- गड़बड़ हो गई, खजाना नहीं मिलेगा… जीजा-साले ने उड़ाए 7 लाख, जानें कैसे रची गई ठगी की चाल

CG Fraud News: वसीम अकेला पूजा कर रहा था। हजरत-हजरत चिल्लाया और खून की उल्टी करने लगा। कहा कि यहां गड़बड़ हो गया है। खजाना हासिल नहीं कर सकते।

2 min read
Nov 28, 2025
घर में 1.40 क्विंटल सोना गड़ा होने का झांसा (फोटो सोर्स- पत्रिका)

CG Fraud News: ग्राम जगन्नाथपुर में एक घर में गड़ा 1.40 क्विंटल सोना दिलाने के नाम पर जीजा-साले सहित तीन आरोपियों ने मिलकर कई लोगों से सात लाख की ठगी कर ली। पीड़ित एक युवक ने हिम्मत कर आईजी रामगोपाल गर्ग, एसपी योगेश पटेल और बालोद थाना प्रभारी शिशुपाल सिन्हा से शिकायत की। साथ ही जनपद सदस्य दमयंती हरदेल ने भी कलेक्टर को पत्र लिखकर कार्रवाई की मांग की।

पुलिस पीड़ितों के बयान के आधार पर एफआईआर दर्ज कर आरोपियों की तलाश में जुट गई है। आरोपी तंत्र क्रिया करने वाला जीजा वसीम खान (50) निवासी धुरपुर इलाहाबाद हाल निवास भिलाई और उसका साला जगन्नाथपुर निवासी अकबर खान है।

ये भी पढ़ें

6 करोड़ की ठगी का खुलासा…. कृषि प्रोडक्ट कंपनी के नाम पर निवेश का लालच देकर ठगों ने अपने जाल में फंसाया, 2 आरोपी गिरफ्तार

CG Fraud News: पीड़ित युवक भी झांसे में आ गया

पुलिस के अनुसार, पीड़ित युवक ने बताया कि वसीम खान उसके एक मित्र को झांसा दिया। उसे बताया कि तंत्र-मंत्र कर गड़ा धन निकालना पड़ेगा, जिससे करोड़पति बन सकते हो। इसके एवज में 22 हजार रुपए मांगे। उसके पास इतनी रकम नहीं थी तो उसने मुझसे संपर्क किया। मैं भी झांसे में आकर 10 हजार की मदद की। 12 हजार रुपए एक मित्र ने लगाया। वसीम ने कुछ सामान इलाहाबाद से अपने चेले के माध्यम से मंगवाया और पूजा पाठ किया। रात 12 बजे एक कमरे में तीन फीट का गड्ढा खोदा। ओम नम: शिवाय का जाप करने कहा। हम दोनों बाहर आ गए और वह अपने चेले के साथ पूजा पाठ करता रहा।

अंदर गए तो मटके में सोने के सिक्के और पास में सर्प बैठा था

उन्होंने बताया कि उन्हें अंदर बुलाया तो मटके में सोने के सिक्के भरे थे। पास में सर्प बैठा था। उसने कहा कि इसके नीचे दो और मटके हैं। अभी सर्प रक्षा कर रहा है। शुद्धिकरण के लिए शक्तिपुंज फाइल लाने 12 लाख मांगा। उसे इलाहाबाद से 80 किमी दूर घने जंगल के गांव से लाने की बात कही। हम दोनों दोस्तों ने मटका देखकर भरोसा कर लिया। दोनों आरोपी के साथ मेरा दोस्त भी इलाहाबाद गए।

आरोपी वसीम शक्तिपुंज लाया और कहा कि इसमें सोने का गुरादा और हीरे का पानी रहता है। बोतल में डालकर दोस्त को दिया, लेकिन वह लीकेज हो गया। इसमें पूरी मात्रा के लिए तीन लाख और मांगे। हमने तत्काल एक लाख दिया। दो लाख एडस्ट करने की बात हुई। जगन्नाथपुर लौटने पर मकान में फिर देखा तो मटका और सर्प था।

अचानक खून की उल्टी करने लगा तो घबरा गए

वसीम अकेला पूजा कर रहा था। हजरत-हजरत चिल्लाया और खून की उल्टी करने लगा। कहा कि यहां गड़बड़ हो गया है। खजाना हासिल नहीं कर सकते। हम लोग घबरा गए और सामान समेटकर भाग गए। वसीम ने बाद में दोस्त की 3.50 डिसमिल जमीन अपनी पत्नी अकबरी बेगम के नाम रजिस्ट्री करवा ली। 1.77 लाख फोन पे से दिया। इस तरह कुल 7 लाख की ठगी की।

मुख्य प्रार्थी ने बताया कि जगन्नाथपुर के अन्य युवक के घर भी इसी तरह से वसीम खान और अकबर खान ने गड़ा धन दिखाया, लेकिन समय रहते वह सचेत हो गया। इसकी जानकारी मिलने पर उन्हें अहसास हुआ कि उनके साथ भी धोखाधड़ी हुई है।

गांव के शिव मंदिर के नीचे है खजाना

एक अन्य पीड़ित युवक ने बताया कि अकबर खान ने कहा कि तुम्हारे घर गड़ा धन मिल सकता है। बांध के पास स्थित शिव मंदिर के नीचे गड़ा धन है, जिसे तंत्र-मंत्र से तुम्हारे घर तक ला सकते हैं। फरवरी में एक रात 11 बजे अकबर कार में भिलाई क्षेत्र के किसी पठान बैगा को लेकर आया। हमें भी इसी तरह झांसे में लिया गया। मैंने फर्श हटाकर देखा तो कुछ नहीं था।

ये भी पढ़ें

इंस्टाग्राम, फेसबुक व यूट्यूब पर चल रहा था ठगी का नेटवर्क, पुलिस ने 11 आरोपियों को दबोचा, जानें पूरा मामला

Published on:
28 Nov 2025 11:17 am
Also Read
View All

अगली खबर