बालोद

CG News: बच्चों को शिक्षक का जन्मदिन मनाना पड़ा भारी, प्रधानपाठक ने कर दी पिटाई, परिजनों ने लगाया यह आरोप

CG News: प्रधानपाठक ने स्कूली बच्चों के साथ मारपीट कर दी। इस घटना से नाराज पालकों ने बुधवार को जिला शिक्षा अधिकारी कार्यालय आकर जिला शिक्षा अधिकारी योगदास साहू से प्रधानपाठक पर कार्रवाई की मांग की है।
2 min read
Sep 18, 2025
CG News: बच्चों को शिक्षक का जन्मदिन मनाना पड़ा भारी, प्रधानपाठक ने कर दी पिटाई, परिजनों ने लगाया यह आरोप
स्वामी आत्मानंद हिंदी माध्यम स्कूल (Photo Patrika)

CG News: बालोद जिले के स्वामी आत्मानंद हिंदी माध्यम स्कूल अरमरीकला में पूर्व माध्यमिक शाला स्कूली बच्चों ने भी अपने स्कूल के शिक्षक का जन्मदिन बिना प्राचार्य के अनुमति के मनाया। इस पर प्रधानपाठक ने स्कूली बच्चों के साथ मारपीट कर दी। इस घटना से नाराज पालकों ने बुधवार को जिला शिक्षा अधिकारी कार्यालय आकर जिला शिक्षा अधिकारी योगदास साहू से प्रधानपाठक पर कार्रवाई की मांग की है। जिला शिक्षा अधिकारी ने जांच के निर्देश दिए हैं।

प्रधान पाठक आरके आसीन ने कहा कि मेरी बिना अनुमति के ही स्कूल में बर्थडे पार्टी बनाना गलत है। स्कूल में यह अच्छी बात नहीं है। स्कूल के कुछ नियम हैं। बच्चों को समझना चाहिए। मैंने बच्चों को समझाने के लिए हाथ उठाया।

15 सितंबर को मना रहे थे शिक्षक का जन्मदिन

15 सितंबर को शिक्षक हुलेश का जन्मदिन दोपहर को मनाया गया। उस दौरान प्रधान पाठक स्कूल में नहीं थे। कुछ बच्चों ने प्रधानपाठक से जन्मदिन मनाने की अनुमति मांगी थी, लेकिन उन्होंने मना कर दिया था। प्रधान पाठक एक छात्रा का स्वास्थ्य खराब होने पर उसे छोड़ने घर गए थे। वापस आने पर देखा तो बच्चे कक्षा में नहीं थे। पता चला एक कमरे में जन्मदिन मना रहे हैं तो प्रधान पाठक नाराज हुए और कुछ बच्चों को थप्पड़ मार दिया।

अभद्र व्यवहार करने का लगाया आरोप

ग्रामीण नीलचरण साहू ने बताया कि प्रधान पाठक अभद्र व्यवहार करते हैं। स्कूली बच्चों ने रो-रो कर पालकों की मौजूदगी में आपबीती बताई। फिर भी प्रधान पाठक ने उनके साथ दुर्व्यवहार किया। इस मामले पर कार्रवाई होनी चाहिए। पीड़ित छात्राओं ने कहा कि हमें क्यों मारे सर हम आपसे माफी मांग लेते। इस दौरान छात्राएं रो पड़ी।

प्रधानपाठक बोले- बिना अनुमति मनाया जन्मदिन

आठवीं की एक छात्रा के पिता देवेंद्र कुमार ने बताया कि वह ग्राम कुहली निवासी है, उनकी बेटी अरमरीकला स्कूल में पढ़ाई करती है लेकिन यहां मेरी बेटी के साथ मारपीट प्रधानपाठक ने की, जो गलत है। उन्होंने बताया कि 15 सितंबर को भोजन अवकाश के समय आठवीं के कक्षा शिक्षक का जन्मदिन मनाया। जिसको लेकर प्रधान पाठक ने 10, 15 बच्चों के साथ मारपीट की और टीसी देने की बात कही, जो गलत है।

Published on:
18 Sept 2025 01:58 pm