बालोद

बच्चे के अपहरण के आरोपियों में एक रिश्तेदार, कर्ज उतारने रची थी साजिश

डौंडीलोहारा नगर के दिलीप भंसाली के दो साल के बच्चे का अपहरण करने का प्रयास के मामले में बालोद पुलिस को डेढ़ साल बाद सफलता हाथ लगी है।
3 min read
अपहरण के आरोपी
बच्चे के अपहरण के आरोपियों में एक रिश्तेदार, कर्ज उतारने रची थी साजिश

बालोद/डौंडीलोहारा. डौंडीलोहारा नगर के दिलीप भंसाली के दो साल के बच्चे का अपहरण करने का प्रयास के मामले में बालोद पुलिस को डेढ़ साल बाद सफलता हाथ लगी है। मामले में पुलिस ने दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। इसमें से एक आरोपी पीडि़त परिवार का रिश्तेदार निकलना।
इस मामले का खुलासा एसपी आईके एलिसेला ने सोमवार को पुराने एसपी कार्यालय में मीडिया के सामने किया। मामले में आरोपी ने कहा कि वह अपने तीन लाख के कर्ज को चुकाने के लिए ही इस तरह की घटना को अंजाम देने की कहानी रची थी। उन्होंने बच्चे के पिता से 10 लाख रुपए की फिरौती मांगी थी।

घटना के डेढ़ साल बाद आरोपी गिरफ्तार
घटना की सूचना पुलिस को देने के बाद तत्काल नाकेबंदी के साथ एसपी के मार्गदर्शन में डौंडीलोहारा पुलिस की टीम ने तत्काल कार्रवाइ में लगी थी, उधर सूचना मिली थी कि घटना के बाद पारिवारिक के सदस्यों की सक्रियता और पुलिस दबाव में आरोपियों ने बच्चे को छोड़ दिया है। घटना के डेढ़ साल बाद पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार किया है।

यह था पूरा मामला
एसपी एलिसेला ने बताया यह मामला 14 जनवरी 2017 को डौंडीलोहारा के दिलीप कुमार भंसाली के 2 साल के बेटे निश्चल को रात 8 बजे के करीब उठा कर ले जाया गया था। घटना को अंजाम देने के लिए मोटरसाइकिल में दो लोग आए थे, जो घर के आंगन के पास खेल रहे बच्चे को उठाकर ले गए। मामले में लोगों ने आरोपियों को आवाज दी थी पर वे बच्चे को उठाकर भाग गए थे। उसके बाद नगर से 6 किमी दूर बडग़ांव पार्री नाला के पास बच्चे को छोड़कर आरोपी भाग गए थे। सूचना पर परिजन ने बच्चे को घर ले आए थे। इस दौरान बच्चे को कोई नुकसान नहीं हुआ, पर मामले ने तो पूरे डौंडीलोहारा को झकझोर कर रख दिया था। उसके बाद पुलिस मामले की जांच में लगी रही।

कर्ज से निजाद पाने आरोपियों ने की घटना
जानकारी के मुताबिक आरोपी नितिन जैन पिता कन्हैया (26) निवासी ग्राम सम्बलपुर ने कई लोगों से कर्ज लिया था जो लगभग 3 लाख रुपए पहुंच चुका था। इसी कर्ज को चुकाने का दबाव और परेशानी में अपने दोस्त के साथ फिल्मी स्टाइल में योजना बनाई थी। सूत्रों से मिली जानकारी के मुताबिक नितिन ने पहले तो अपने किसी करीबी दोस्त से दिलीप भंसाली की स्थिति की जानकारी ली और उसके दोस्त ने दिलीप को पैसे वाला बताया और फिर अपने गांव का ही साथी विकास तिवारी पिता सुखसागर के साथ मिलकर 14 जनवरी 2017 की रात 8 बजे बच्चे को उठाकर अपनी मोटरसाइकिल से ले गए और पिता से दस लाख रुपए मांगने लगे।

मामले को सुलझाने पुलिस लगातार लगी रही
बताया जाता है कि इस मामले को सुलझाने में पुलिस ने डौंडीलोहारा सहित आसपास के गांव के लगभग 600 लोगों से पूछताछ की। तब जाकर आरोपी पुलिस की गिरफ्त में आए। पकड़े गए दो आरोपियों से भी पुलिस ने पहले पूछताछ की थी, पर उस समय बच गए थे। बाद में फिर पूछताछ की। दो दिन पहले ही आरोपियों को उनके घर से पकड़ कर लाया गया और फिर पूछताछ में नितिन जैन ने अपना गुनाह कबूल लिया। दोनों आरोपी के खिलाफ धारा 364, 34, 120बी भादंवि के तहत मामला दर्ज कर कार्रवाई कर रहे हैं।

आरोपी बोले पैसे की थी जरूरत
आरोपी नितिन जैन ने बताया वह कुछ लोगों का कर्ज लग रहा था। उसके लगभग 3 लाख रुपए उधार हैं और इन्ही कर्ज को चुकाने के लिए वह किडनैप किया था। वहीं एसपी आईके एलिसेला के मुताबिक अभी मामले की जांच चल रही है। स्पेशल स्क्वाड बालोद टीम को इसके लिए लगाया गया था। प्रारंभिक पूछताछ में ग्राम बडग़ांव की ओर आरोपियों का भागना पता चला था। कार्रवाई के दौरान घटना में प्रयुक्त मोटरसाइकिल सीजी 07 एजे, 1425 व 2 मोबाइल भी आरोपियों से जब्त किए गए हैं।

Published on:
10 Jul 2018 08:30 am