बालोद

जंगल के बीच धरती चीर कर निकली मां कंकालीन पर है लोगों की बड़ी आस्था

जिला मुख्यालय से 36 किलोमीटर दूर गुरुर ब्लॉक में खारुन नदी के उद्गम स्थल पर स्थित माता कंकालीन मंदिर का इतिहास 800 साल पुराना है। जहां देश में सबसे पहले दशहरा उत्सव भी मनाया जाता है। यहां माता दर्शन को हजारों की संख्या में श्रद्धालु पहुंचते हैं।
4 min read
• •
Updated: 17 Oct 2018, 9:03 AM IST
balod patrika Chhattisgarh
जंगल के बीच धरती चीर कर निकली मां कंकालीन पर है लोगों की बड़ी आस्था

नीरज उपाध्याय
बालोद. गुरुर ब्लॉक मुख्यालय से 18 किलोमीटर दूर ग्राम पेटेचुआ में धरती चीर कर निकली मां कंकालीन मैया मंदिर श्रद्धालुओं के लिए आस्था का केंद्र है, जहां नवरात्र पर हजारों की संख्या में दर्शन करने लोग आते हैं। खारुन नदी के उद्गम स्थल पर स्थित कंकालीन मंदिर चारों ओर जंगलों से घिरा हुआ है, जो मन को मोहित करता है। मां कंकालीन मंदिर को लेकर जानकारों के अनुसार कंकालीन धरती चीरकर प्रकट हुई हैं और सिद्धीपीठ है। पहले यह मंदिर खुले आसमान के नीचे था, बाद में श्रद्धालुओं के सहयोग से मंदिर बनाया गया, जहां नवरात्र पर 408 ज्योति कलश की स्थापना की गई है।

ऐसे है माता के मिलने की आस्था भरी कहानी
मां कंकालीन मैया की उत्पत्ति को लेकर मंदिर के पुजारी रामकुमार कोमरा, मंदिर समिति अध्यक्ष भागीरथी नागवंशी, उपाध्यक्ष बलराम गोटी, कोषाध्यक्ष गजराज नेहरु कुंजाम ने बताया 7 से 8 सौ साल पहले ग्राम पेटेचुआ निवासी बुजुर्ग चिराम मंडावी दूर जंगल में महुआ बीनने जाते थे। उसके बाद चट्टानी जमीन होने के कारण महुआ को उसी स्थान पर सुखाकर घर वापस आते थे। अगले दिन पुन: उसी जगह पर पहुंचने पर सुखाया हुआ महुआ गायब हो जाता था। यह सिलसिला लगातार चलता रहा, जिससे चिराम मंडावी परेशान हो गया। चिराम माजरे का पता लगाने के लिए रात को उसी स्थान पर रूक गया। उन्होंने रात को देखा कि दिन को रखा महुआ अपने आप गायब हो गया।

ग्रामीण ने सामने आने कहा, तो पत्थर के रूप में जमीन से बार आईं माता कंकालीन
उसके बाद ग्रामीण चिराम मंडावी ने जंगल में जोरदार आवाज देकर कहा कि कौन है जो मेरे महुआ को गायब किया है, सामने आओ। तब हवा स्वरूप माताजी ने कहा मैं कंकालीन हूं, इस बात पर ग्रामीण चिराम ने यकीन नहीं किया और सामने आने की बात कही। इसी दौरान जोरदार आवाज आई और मां कंकालीन धरती चिरतीं हुईं पत्थर के रूप में प्रकट हुईं और माता ने कहा मैं ही तुम्हारे महुए को गायब करती हूं। माना जाता है कि यह कहते हुए मां कंकालीन चिराम मंडावी के शरीर में प्रवेश कर गईं जिससे चिराम मूर्छित हो गया। यह घटना चलते-चलते सुबह हो गई।

रातभर वापस नहीं लौटा तो ढूंढते हुए पत्नी पहुंची जंगल
तब चिराम की पत्नी उसे खोजने हुए जंगल में महुआ सुखाते के स्थान पर पहुंची। तब वहां जाकर उसने देखा कि चिराम मंडावी मूर्छित अवस्था में पड़े हैं। वह कुछ बोल नहीं पा रहा है। उसने गांव आकर घटना की जानकारी ग्रामीणों को दी। ग्रामीणों ने चिराम को लेकर गांव आए। घर पर चिराम को होश आया। उसके बाद उसने पूरी घटना की जानकारी ग्रामीणों को दी। तब सभी ग्रामीण वापस जंगल पहुंचकर जमीन के अंदर पत्थर तोड़कर प्रकट हुईं मां की पूजा-अर्चना की। तब से लेकर मां कंकालीन की पूजा-अर्चना की जा रही है। माता की ख्याति दूर-दूर तक फैली हुई है। माना जाता है कि माताजी की मूर्ति उसी जगह स्थापित की गई है जहां माता ने धरती चीरकर प्रकट हुई थीं।

उसके बाद बढ़ता गया मंदिर निर्माण का कारवां
ज्ञात रहे माता पहले खुले आसमान के नीचे विराजित थीं, उसके बाद ग्रामीणों ने झोपड़ीनुमा मंदिर का निर्माण कराया। मंदिर समिति सचिव छबिलाल कुरैटी, सहसचिव मानसिंग पोया ने बताया खप्परयुक्त मंदिर का निर्माण ग्राम चरोटा के ग्रामीणों ने करवाया था। बताया जाता है कि चरोटा में महामारी व हैजा फैली हुई थी, ग्राम से प्रतिदिन किसी न किसी ग्रामीण की मृत्यु हो रही थी, तब वहां के ग्रामीणों ने पेटेचुआ की मां कंकालीन की शरण में आए, तो बीमारी की परेशानी से उन्हें छुटकारा मिला। इससे लोगों में माता के प्रति आस्था बढ़ी। उसके बाद मंदिर का निर्माण का कारवां बढ़ता गया।

माता के नाम पर कर दिया गया गांव का नाम
गांव के नाम को लेकर जानकारों ने बताया कि पहले गांव का नाम ग्राम पेटेचुआ था। मां कंकालीन के स्थापना के बाद से ग्राम का नाम बदलकर कंकालीन पेटेचुआ किया गया, तब से ग्राम को कंकालीन पेटेचुआ के नाम से जाना जाता है। पेटेचुआ में मां की मूर्ति स्थापना के बाद ग्रामीणों की देख-रेख में ही पूजा किया जाता रहा। 1984-85 में समिति का गठन कर सदस्यों की निगरानी में मंदिर का प्रबंधन किया जाने लगा। अभी समिति में 150 सदस्य हैं। शुरूआत में यहां 19 मनोकामना ज्योति कलश की स्थापना की गई थी, जो अब बढ़कर 408 तेल एवं घी ज्योति कलश हो गई।

खारुन नदी का उद्गम स्थल है माता का मंदिर
ग्राम कंकालीन पेटेचुआ का जंगल खारुन नदी का उद्गम स्थल है, जो पेटेचुआ से निकलकर सैकड़ों ग्रामों की प्यास बुझाती हुई राजधानी रायपुर पहुंचती है। इस नदी का उपयोग सिंचाई के लिए भी किया जाता है। मां कंकालीन मंदिर के आसपास बईहा बाबा, माडिय़ा बाबा, राजाराव बाबा, शंकर भगवान, लक्ष्मी-सरस्वती एवं मंदिर के प्रवेश द्वार पर हनुमान जी की मूर्ति की स्थापना की गई है।

देश के पहले देव दशहरा में जूटते हैं दर्जनों गांव के हजारों लोग
मंदिर समिति अध्यक्ष भागीरथी नागवंशी, उपाध्यक्ष बलराम गोटी ने बताया मंदिर में पितृमोक्ष के बाद प्रथम मंगलवार को देव दशहरा उत्सव मनाया जाता है, जो पूरे भारत वर्ष में पहला दशहरा माना जाता है। देव दशहरा में हजारों की संख्या में अपनी मन्नतें लेकर दर्जनों गांव के हजारों श्रद्धालु बाजे-गाजे, डांग-डोरी लेकर पहुंचते हैं। माना जाता है जो भी सच्चेमन से मां कंकालीन से मनोकामना करते हैं मां उसकी मनोकामना जरूर पूरी करती हैं। माना जाता है कि यहां पूरे भारत में प्रथम देव दशहरा मनाने के साथ ही सबसे पहले होलिकादहन भी किया जाता है, जो फाल्गुन माह के शुक्ल पक्ष के प्रथम मंगलवार को किया जाता है।

शासन से धार्मिक पर्यटन स्थल की मांग
समिति एवं ग्रामीणों ने शासन से ग्राम कंकालीन पेटेचुआ में स्थित मां कंकालीन मंदिर को पर्यटन स्थल घोषित करने की मांग कर रहे हैं, क्योंकि यह मंदिर 7-8 सौ साल से आस्था का केंद्र बना हुआ है। यहां दूर-दूर से मंदिर दर्शन करने हजारों की संख्या में श्रद्धालु आते हैं। पंचमी पर माता का विशेष श्रृंगार कर पूजा की गई। मंदिर समिति से मिली जानकारी अनुसार 18 अक्टूबर को अष्टमी हवन एवं 19 अक्टूबर को विसर्जन किया जाएगा।

Published on: