
बालोद. करकाभाट स्थित जिले के एक मात्र सहकारी दंतेश्वरी मैया शक्कर कारखाना में मुसीबत कम नहीं हो रही है। तीन दिनों पहले फिर बॉयलर की ट्यूब में खराबी आ गई थी। इस दौरान दो दिनों तक गन्ने की पेराई बंद रही। तकनीकी टीम ने रविवार रात 10 बजे सुधारा तब जाकर कारखाने में फिर से पेराई शुरू की जा सकी। इधर बार-बार आ रही कारखाने में खराबी से किसान काफी परेशान हो गए हैं।
जानकारी के मुताबिक तीन दिन पहले शक्कर कारखाना के बॉयलर ट्यूब में कुछ खराबी आ गई थी, जिसे सुधारने के लिए दो दिनों तक कारखाना को बंद करना पड़ा। बताया जाता है कारखाने के बॉयलर में 22 पाइप लगाए गए हैं जिसमें से 5 पाइप में लीकेज हो गया था। कारखाना प्रबंधन के मुताबिक यह ज्यादा तापमान में हो जाता है फिलहाल इसे सुधार लिया गया है।
इधर अब शक्कर कारखाने में नई मुसीबत सामने आने वाले है जिसकी अंदेशा शक्कर कारखाना प्रबंधन तक को नहीं है। इस परेशानी से शक्कर कारखाने में असर पड़ सकता है और वो है तेज गर्मी में कारखाना चलाने के लिए पानी की व्यवस्था का। क्योंकि हर साल गर्मी में कारखाने के बोर का जल स्तर नीचे गिर जाता है और बोर से पानी कम आने लगता है ऐसे में कारखाना प्रबन्धन को अभी से इसकी तैयारी करनी होगी।
जीएम सहकारी शक्कर कारखाना पीताम्बर ठाकुर ने बताया कि कारखाने में आई खराबी को सुधार लिया गया है। कारखाना में पेराई शुरू कर दी गई है। आगे गर्मी में होने वाली परेशानी को दूर करने पहल की जाएगी। कारखाना प्रबंधन के मुताबिक कारखाने में कुल 6 बोर हैं, जो अभी चल रहे हैं, पर यह मोटरपंपतेज गर्मी में जवाब देने लगते हैं। बता दें कि शक्कर कारखाना में प्रतिदिन डेढ़ लाख लीटर से ज्यादा पानी का उपयोग किया जाता है, पर तेज गर्मी में बोर जवाब देने के बाद कारखाने में पानी की समस्या खड़ी हो जाएगी।
अप्रैल तक गन्ने की पेराई पर तेज गर्मी डालेगी बाधा
कारखाना प्रबंधन से मिली जानकारी के मुताबिक इस बार शक्कर कारखाने में गन्ने की पेराई अप्रैल तक हो सकती है क्योंकि पेराई सत्र कारखाने में बार-बार आ रही बाधा से गन्ने की पेराई पिछड़ गई है और अभी भी सैकड़ों किसानों का गन्ना बचा हुआ है। इससे इस सत्र गन्ने की पेराई अप्रैल तक चलने की संभावना जताई जा रही है। अगर ऐसा हुआ तो कारखाना चलाने में बहुत ज्यादा पानी की जरूरत पड़ेगी, पर अभी तक इसकी तैयारी प्रबंधन द्वारा नहीं की गई है।
ये करखाने की स्थिति
इस सत्र 28 दिसंबर 2017 से गन्ने की पेराई शुरू
अब तक 37 हजार 13 मीट्रिक टन गन्ने की पेराई
लगभग 350 गन्ने से भरी गाडिय़ां है कतार में
2500 मिट्रिक टन गन्ना पेराई के लिए रखा है
अब तक 28 हजार 400.80 क्विंटल शक्कर का उत्पादन
इस तरह आई गन्ने की पेराई में बाधा
30 दिसंबर को केनकेरियर मोटर फाल्ट लगभग सात घंटे कारखाना बंद
4 जनवरी को लेबलर मोटर फाल्ट व जाम के कारण सात घंटे बंद रहा
7 जनवरी को मोटर फीटिंग करने 2 घंटे कारखाना बंद रखा गया
10 जनवरी को लेबलर फीटिंग कार्य के कारण 4 घंटे कारखाना बंद
22 जनवरी को बॉयलर राइसर ट्यूब में खराबी के कारण पांच घंटे बंद
23 जनवरी को राइसर टयूब भस्ट हो गया
27 जनवरी को 12 बजे बॉयलर मशीन फटा जिससे कारखाना बंद रहा
17 फरवरी को हैमर मशीन में पत्थर आ जाने से बंद रहा, दूसरे दिन शुरू हुआ
25 फ़वरी को बॉयलर ट्यूब में लीकेज के कारण कारखाना बंद।