राज्य शासन की महत्वाकांक्षी धन्वंतरि दवाई दुकान का भवन 5 लाख की लागत से तीन पूर्व नगर पंचायत ने बनाया। निर्माण में बरती गई लापरवाही के कारण छत से पानी टपक रहा है। अब इंजीनियर एवं ठेकेदार ने छत पर लीपापोती करते हुए टिन शेड लगा दिया।
बालोद/गुंडरदेही. राज्य शासन की महत्वाकांक्षी धन्वंतरि दवाई दुकान का भवन 5 लाख की लागत से तीन पूर्व नगर पंचायत ने बनाया। निर्माण में बरती गई लापरवाही के कारण छत से पानी टपक रहा है। अब इंजीनियर एवं ठेकेदार ने छत पर लीपापोती करते हुए टिन शेड लगा दिया।
दुकान का उद्घाटन संसदीय सचिव कुंवर सिंह निषाद ने किया। पानी टपकने के कारण मेडिसिन खराब होने की स्थिति में है। इस बारे में दुकान संचालक ने शिकायत की तो अधिकारियों ने आनन-फानन में ठेकेदार को 2 लाख का भुगतान कर छत के ऊपर टिन शेड लगा दिया। इधर टिन शेड लगाने के मामले में नगर पंचायत के अध्यक्ष रानू हेमंत सोनकर भी अनजान हैं। नगर पंचायत के अधिकारी अध्यक्ष को जानकारी देना भी उचित नहीं समझ रहे हैं। पूरे मामले में जांच की जरूरत है।
पहली बारिश में टपकने लगा पानी
दुकान संचालक हलेस कुमार साहू का कहना है कि दुकान हैंडओवर के तीन माह बाद पहली बरसात में ही छत से नीचे टपकने लगा। मेडिसिन के अलावा पीओपी भी खराब होने लगा था। इसकी जानकारी नगर पंचायत को दी, तब उन्होंने प्राथमिक उपाय टिन शेड का किया।
ठेकेदार का दो लाख का भुगतान रोका
नगर पंचायत इंजीनियर कृपाराम बर्मन ने बताया कि धन्वंतरि भवन से लगा अस्पताल प्रबंधन ने एक भवन और बनाया है। दोनों की दीवार चिपकी है। इसलिए पानी का रिसाव हो रहा है। अत्यधिक पानी टपकने के कारण छत में कुछ तकनीकी प्रॉब्लम आया है। ठेकेदार का 2 लाख का भुगतान रोक दिया गया है।
जांच का विषय
पार्षद शंकर यादव ने कहा कि छत के ऊपर टिन शेड लगाया है, जो जांच का विषय है। इतनी जल्दी पानी टपकना भ्रष्टाचार है।
सरकार की छवि हो रही खराब
कांग्रेस पार्षद सलीम खान ने बताया कि सरकार की छवि खराब हो रही है। ऐसे गलत निर्माण कराने वालों पर हम कार्रवाई चाहते हैं। तत्काल जांच होनी चाहिए।