CG News: बालोद जिले के किसान ने चूहों को भागने अनोखा जुगाड़ बनाया है। किसानों ने कांच की बोतल में लोहे की वस्तु बांधने का प्रयोग किया जिसका असर भी देखने को मिला।
CG News: जिले के कई किसानों ने ग्रीष्मकालीन धान की फसल ली है। उनकी फसल को चूहे नुकसान पहुंचा रहे हैं। इससे परेशान ग्राम हीरापुर के किसानों ने चूहों को भगाने का जुगाड़ बनाया है। उन्हें राहत भी मिली है।
किसानों ने कहा-मिल रहा है लाभ
किसान छत्रपाल निषाद ने कहा कि उन्होंने एक एकड़ में धान की फसल ली है। वह चूहे से परेशान थे। चूहे फसल को काट रहे थे। दवाई का उपयोग किया, लेकिन कोई लाभ नहीं मिला। गांव के कई किसानों ने कांच की बोतल में लोहे की वस्तु बांधने का प्रयोग किया जिसका असर भी देखने को मिला। किसान चंद्रहास निषाद, शरण यादव, हेमंत, अतिश साहू, कुमार ने इस प्रयोग से लाभ होना बताया।
अधिकांश किसानों ने बनाया है जुगाड़
ग्राम हीरापुर में इस गर्मी सीजन लगभग 200 एकड़ में धान की खेती की गई है। धान की खेती करने वाले लगभग हर किसान यह प्रयोग कर रहे हैं। गांव में जाकर देखें तो हर खेत में कांच की बोतल में लोहे की वस्तु बंधी दिखाई देगी। उनकी आवाज खेतों से लेकर सड़क तक भी सुनाई देती है। जिले में कई किसानों की फसलें सूखने की स्थिति में है। उसका प्रमुख कारण भूजल स्तर गिरना है, जिससे बोर सूख रहे हैं। ऐसे में किसानों ने फसलों को बचाने भी जद्दोजहद कर रहे हैं।
किसानों ने अपने अपने खेतों के पेड़ों या फिर डंडे लगाकर उसमें एक कांच की बोतल व लोहे की वस्तु बांधी है। उसमें एक पुट्ठा भी लगाया है। हवा चलने पर लोहे की वस्तु कांच की बोतल से टकराती है, जिससे आवाज निकलती है और चूहे भाग जाते हैं। किसानों का कहना है कि जब से यह उपाय किया है, तब से चूहे की परेशानी से राहत मिली है।