
दल्लीराजहरा. वार्ड क्रमांक 20 महात्मा गांधी वार्ड में नारद पान ठेला से पश्चिम दिशा की ओर रेलवे क्रासिंग तक भूमि का सीमांकन करने ज्ञापन सौंपकर एसडीएम से मांग की गई है। नगर पालिका अध्यक्ष ने अनुविभागीय दंडाधिकारी को ज्ञापन में बताया है कि वर्षों से बसी बस्तियोंं तथा वार्ड क्रमांक 23 श्रमवीर चौक से उडिय़ा दफाई के पश्चिम दिशा में नाला किनारे बसी बस्तियों की भूमि का सीमांकन आवश्यक है। अध्यक्ष ने वार्ड 13 घोड़ा मंदिर क्षेत्र में रेलवे द्वारा निर्मित पुलिया के क्षतिग्रस्त अवस्था पर ध्यानाकर्षण कराते हुए रेलवे को सूचित कर पुलिया मरम्मत कराये जाने की मांग की गई है।
बसी बस्तियोंं का चिन्हांकन नहीं हो पा रहा
ज्ञापन में निषाद ने बताया है कि पालिका क्षेत्रांतर्गत महात्मा गांधी वार्ड में नारद पान ठेला से पश्चिम दिशा की ओर रेलवे क्रासिंग तक वर्षों से बसी बस्तियोंं का चिन्हांकन नहीं हो पा रहा है। जिसके कारण उक्त क्षेत्र के रहवासियों को शासन के योजनाओं का लाभ नहीं मिल पा रहा है। उक्त क्षेत्र के भूमि का विगत एक वर्ष पूर्व राजस्व एवं रेल्वे विभाग से सीमांकन कराने का प्रयास किया गया जिसमें राजस्व एवं रेल्वे विभाग द्वारा अपने विभाग से संबंधित भूमि नहीं होने की जानकारी दी गई। जबकि उक्त क्षेत्र के आंशिक रहवासियों को वर्षों पूर्व राजस्व विभाग द्वारा पट्टा प्रदाय किया गया है।
यह भूमि किस विभाग की है किसी को पता नहीं
निषाद ने कहा ऐसी स्थिति मेंं उक्त भूमि कौन से विभाग के अंतर्गत आता है यह प्रश्नाधीन है। इसी प्रकार वार्ड क्रमांक 23 श्रमवीर चौक से उडिय़ा दफाई के पश्चिम दिशा में नाला किनारे बसे मानव बसाहट बस्तियों के आंशिक रहवासियों को पट्टा प्रदाय किया गया है जिनका सीमांकन कराना अति आवश्यक है। नगरपालिका अध्यक्ष ने उक्त दोनों वार्डों के प्रश्नाधीन भूमि का सीमांकन करवाने का आग्रह अनुविभागीय दंडाधिकारी से किया है जिससे कि उक्त दोनों वार्ड के रहवासियों को शासन की योजनाओंं का लाभ मिल सके।
पुलिया क्षतिग्रस्त होने से हो सकती है दुर्घटना
वहीं वार्ड क्रमांक 13 घोड़ा मंदिर क्षेत्र में मानिकपुरी भवन के पास पुलिया क्षतिग्रस्त हो गया है। पूर्व मेें रावघाट रेल परियोजना के तहत उक्त पुल को रेल्वे प्रशासन के द्वारा निर्माण किया गया था जो वर्तमान में पुल के नीचे का बोल्डर खिसकने से कभी भी दुर्घटना व जनहानि की संभावना बनी रहती है। इस पुल से प्रतिदिन सैकड़ों लोगों का आवागमन लगा रहता है, इस पुल का मरंमत कराया जाना अति आवश्यक है अत: रेल्वे प्रशासन को सूचित करते हुए पुल की मरंमत कराई जाए। ज्ञापन सौंपने के दौरान ब्लाक कांग्रेस कमेटी अध्यक्ष संगीता नायर, पार्षद के ईश्वर राव, सूरज विभार, पूर्व पार्षद रोशन पटेल सहित अन्य लोग उपस्थित थे।