बालोद

अब आंगनबाड़ी केंद्रों में नहीं उठेगा धुआं

जिले के आंगनबाड़ी केन्द्रों में अब बच्चों के साथ सहायिकाओं को धुएं से परेशान नहीं होना पड़ेगा। जल्द ही आंगनबाड़ी केन्द्रों में गैस चूल्हा दी जाएगी।
2 min read
• •
Updated: 26 Feb 2018, 7:12 PM IST
Anganbadi news

बालोद . जिले के आंगनबाड़ी केन्द्रों में अब बच्चों के साथ सहायिकाओं को धुएं से परेशान नहीं होना पड़ेगा। कार्यकर्ता व सहायिकाओं को लकड़ी से चूल्हा जलाकर केन्द्रों के बच्चों के लिए भोजन बनाना नहीं पड़ेगा, क्योंकि जल्द ही जिले के सभी आंगनबाड़ी केन्द्रों में गैस चूल्हे से पौष्टिक आहार बनाने की सुविधा दी जाएगी।

सहायिका को मिलेगी राहत
इसकी तैयारी में महिला एवं बाल विकास विभाग लगा हुआ है। कुछ जगहों पर वितरण भी शुरू कर दिया गया है। आने वाले माह में जिले के सभी केन्द्रों में गैस चूल्हे पहुंच जाएंगे। विभाग की मानें तो इस पहल से आंगनबाड़ी केंद्र कार्यकर्ताओं व सहायिकाओं को भारी राहत मिलेगी। यही नहीं तत्काल रिफि़िलंग की भी सुविधा देने की बात महिला बाल विकास विभाग द्वारा कही जा रही है।

बारिश में नहीं होगी परेशानी, जल्द बनेगा बच्चों का भोजन
बता दें कि अब जिले के आंगनबाड़ी केन्द्रों में गैस चूल्हे हो जाने के बाद आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं व सहायिकाओं को बारिश के दिनों में गीली लकडिय़ों को चूल्हे में जलाने की परेशानी उठानी नहीं पड़ेगी और न ही केंद्र में धुएं से दोचार करना पड़ेगा। केंद्र के सहायिकाओं व कार्यकर्ताओं सहित बच्चों को चूल्हे में लकड़ी जलाने से निकलने वाले धुंए भी सहन नहीं करना पड़ेगा। विभाग के अधिकारी की मानें तो आने वाले माह तक गैस कनेक्शन का वितरण कर दिया जाएगा।

खनिज न्यास निधि से गैस चूल्हा का करेंगे वितरण
महिला बाल विकास विभाग के जिला कार्यक्रम अधिकारी आरके जामुलकर ने बताया खनिज न्यास निधि के माध्यम से आंगनबाड़ी केन्द्रों में गैस चूल्हा का वितरण करेंगे। उन्होंने बताया जिले में कुल आंगनबाड़ी और मिनी आंगनबाड़ी केंद्रों की संख्या 1485 है, जिसमें से कुल 1440 केंद्रों को गैस चूल्हा का वितरण किया जाएगा। बचे आंगनबाडिय़ों में पहले से ही गैस चूल्हे उपलब्ध करा दिए गए हैं।

खनिज न्यास से बिजली, पंखा लगाने भेजा था प्रस्ताव, नहीं मिली अनुमति
बता दें कि जिला महिला बाल विकास विभाग द्वारा जिले के विद्युत विहीन आंगनबाड़ी केन्द्रों में खनिज न्यास निधि से बिजली पंखे लगाने के लिए प्रस्ताव भेजा गया था, पर जिले के लगभग दो सौ से ज्यादा आंगनबाड़ी केन्द्रों में बिजली नही होने के कारण इतने ज्यादा केन्द्रों में खनिज न्यास निधि की राशि नहीं दे पाने की बात कहते हुए प्रशासन ने अपना निर्णय बदल दिया और खनिज न्यास निधि से गैस चूल्हा कनेक्श्न की अनुमति दी है। ऐसे में कहा जाए जिले के आंगनबाड़ी केन्द्रों के बच्चे इस गर्मी के तपन से तपेंगे, पसीने से लतपथ होंगे, क्योंकि बच्चों को गर्मी से राहत देने अभी तक कुछ इंतजाम विभाग नहीं कर पाया है।

लकड़ी से नहीं गैस चूल्हे से बनेगा भोजन
महिला व बाल विकास विभाग के जिला कार्यक्रम अधिकारी आरके जामबुलकर ने बताया खनिज न्यास निधि से जिले के 1440 आंगनबाड़ी केन्द्रों में गैस चूल्हे व टंकी का वितरण किया जाएगा। अब लकड़ी चूल्हे से नहीं बल्कि केन्द्रों में गैस चूल्हे से बच्चों के लिए भोजन बनाएंगे।

Published on: