छत्तीसगढ़ के बालोद जिले में धान खरीदी शुरु होने के एक दिन पहले ही टोकन के लिए जुटे किसानों के बीच भगदड़ मच गई। जिसमें 30 से ज्यादा लोग घायल हो गए हैं
बालोद. छत्तीसगढ़ के बालोद जिले में धान खरीदी शुरु होने के एक दिन पहले ही टोकन के लिए जुटे किसानों के बीच भगदड़ मच गई। जिसमें 30 से ज्यादा लोग घायल हो गए हैं वहीं 15 लोगों को प्रशासन ने भगदड़ मचने के बाद उपचार के लिए अस्पताल पहुंचाया। घटना जिले के पीपरछेड़ी धान खरीदी केन्द्र की है। जहां सोमवार सुबह से 4 गांव के किसानों को धान खरीदी के लिए टोकन बांटने के लिए बुलाया गया था। प्रबधंक की लापरवाही लापरवाही की वजह से टोकन के लिए भगदड़ मच गई। जैसे ही टोकन केलिए नाम लिखाने किसानों को खरीदी केंद्र के अंदर प्रवेश देने गेट खोला तो। सभी एक दूसरे के ऊपर गिर पड़े। इस दौरान कई महिला-पुरुष भगदड़ में गिरकर चोटिल हो गए हैंं।
रात में दस बजे से लगे थे लाइन
बालोद जिले के पीपरछेड़ी धान खरीदी केंद्र के बाहर किसानों की भीड़ रविवार रात दस बजे से जुटनी चालू हो गई थी। मिली जानकारी के अनुसार रात दस बजे से किसान अपने परिवार, जिसमें कई महिलाएं भी शामिल थीं उनके साथ लाइन में थे। सोमवार सुबह 11 बजे धान खरीदी केंद्र का गेट खुलते ही टोकन लेने के लिए लोगों ने दौड़ लगा दी। जिसमें कई महिलाएं और किसान गिरकर लोगों के पैरों के नीचे आ गए। घायल 15 लोगों को उपचार के लिए पीपरछेड़ी प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया गया। बालोद टीआई मनीष शर्मा ने बताया कि भगदड़ के बाद घायलों को उपचार के लिए भर्ती कराया गया। फिलहाल सबकी हालत सामान्य है। सूचना के बाद कलेक्टर जनमेजय मोहबे खरीदी केंद्र पहुंचे हुए वे हालात का जायजा ले रहे हैं।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और प्रभारी तहसीलदार की टीम पीपरछेड़ी पहुंची। जहां इस मामले की जानकारी ली गई और व्यवस्था सुधारने का प्रयास किया गया। गंभीर रूप से घायलों में अन्यसुइया बाई, शांति बाई निषाद, खेमिन बाई हैं। मनभा बाई, सोना यादव, माखन रामेश्वरी, सोरी, गनेशिया, ललिता बाई, कमलेश्वरी, केश्वरी, गंगा, रेखा साहू, मीरा, मुलिया, कुंवर सिंह, नरबद बाई सहित अन्य भी घायल हुए हैं।