Baloda Bazar News: बलौदाबाजार जिले में पुलिस अधीक्षक के निर्देशन में पुलिस कम्युनिटी हाल, पुलिस लाइन बलौदा बाजार में बुधवार को रोड सेफ्टी और यातायात जागरूकता श्रृंखला के तहत विशेष प्रतियोगिता आयोजित की गई।
CG News: बलौदाबाजार जिले में पुलिस अधीक्षक के निर्देशन में पुलिस कम्युनिटी हाल, पुलिस लाइन बलौदा बाजार में बुधवार को रोड सेफ्टी और यातायात जागरूकता श्रृंखला के तहत विशेष प्रतियोगिता आयोजित की गई। इस प्रतियोगिता का मुख्य उद्देश्य बच्चों में रोड सेफ्टी, साइबर जागरूकता और महिला सशक्तिकरण के प्रति संवेदनशीलता विकसित करना था।
प्रतियोगिता का विधिवत उद्घाटन मुख्य अतिथि पुलिस अधीक्षक भावना गुप्ता, संजय पांडेय, प्राचार्य अंबुजा विद्यापीठ, अर्चना ठाकुर समाजसेवी और डॉ. खुशबू बाजपेई, महिला चिकित्सक द्वारा दीप प्रज्वलन और माता सरस्वती की पूजा-अर्चना के साथ किया गया। उद्घाटन के बाद बच्चों ने उत्साहपूर्वक पेंटिंग, वॉल आर्ट और फोटोग्राफी के माध्यम से अपने विचार प्रस्तुत किए।
प्रतियोगिता में प्रतिभागियों को उम्र और अध्ययनरत कक्षाओं के आधार पर विभिन्न श्रेणियों में विभाजित किया गया। सुबह 8 बजे से पहले ही बच्चों की अच्छी-खासी भीड़ कार्यक्रम स्थल पर उपस्थित थी। इस प्रतियोगिता में कुल 300 बच्चों ने भाग लिया और रोड सेफ्टी, महिला सशक्तिकरण और साइबर जागरूकता जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर उत्कृष्ट रचनात्मक प्रस्तुतियाँ दीं। संपूर्ण कार्यक्रम ने बच्चों में सडक़ सुरक्षा, महिला सशक्तिकरण और साइबर जागरूकता के प्रति जागरूकता बढ़ाने में अहम भूमिका निभाई और समाज में सकारात्मक संदेश फैलाने में मदद की।
भावना गुप्ता ने अपने संबोधन में कहा कि बच्चों को स्कूल के समय से ही साइबर जागरूकता और यातायात नियमों की जानकारी देना उनके बाल्यकाल से ही नियमों का पालन करने की आदत विकसित करता है। उन्होंने यह भी कहा कि बच्चे अपने सहपाठी और घर के सदस्यों के साथ यह जानकारी साझा करेंगे, जिससे आमजन भी सुरक्षित और जागरूक बनेंगे। उनका मानना था कि बच्चों द्वारा पेंटिंग और वॉल आर्ट के माध्यम से प्रदर्शित यह संदेश अत्यंत अनुकरणीय है।
प्रतियोगिता में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले बच्चों को 31 जनवरी को राष्ट्रीय सडक़ सुरक्षा माह समापन कार्यक्रम के अवसर पर पुरस्कार देकर सम्मानित किया जाएगा। प्रतियोगिता के सफल संचालन में हेमसागर सिदार, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक भाटापारा, उप निरीक्षक प्रियेश जॉन, प्रभारी यातायात बलौदा बाजार, प्रधान आरक्षक प्रेम निषाद, आरक्षक मनीष बंजारे, शिवम, अक्षय टंडन, विक्की साहू, शशि सिंह और हिमांशु तिवारी का विशेष योगदान रहा।