
भाटापारा (सूरजपुरा). अब खाद्य तेल और बेसन की बारी। पनीर, फलाहारी और खोवा पर निशाना साधने के बाद खाद्य एवं औषधि प्रशासन ने जिला मुख्यालय और भाटापारा की एक-एक प्रतिष्ठानों में दबिश देते हुए यह बता दिया कि कोई भी खाद्य सामग्री उसकी नजर से बच नहीं सकती। जिन दो प्रतिष्ठानों में दबिश दी गई है वहां से खाद्य तेल और बेसन की स्थिति को संदिग्ध मानते हुए सैंपल ले लिए गए हैं।
जिले में खाद्य एवं औषधि प्रशासन अब सक्रिय हो चुका है। नवरात्रि पर भी विभाग ने कार्यवाही की थी। रक्षाबंधन के बाद की गई इस कार्यवाही को लेकर मचे हड़कंप से अभी कारोबार राहत की सांस ले ही रहा था कि सोमवार की सुबह एक बार फिर से कार्यवाही के बाद यह बाजार दहशत में आ चुका है। कारण यह है कि इस बार खाद्य तेल और बेसन को निशाने पर लिया गया है। विभाग ने जता दिया है कि हर कारोबार पर उसकी कड़ी नजर है जहां गलती की छोड़ेंगे नहीं।
खाद्य सुरक्षा अधिकारी उमेश वर्मा के नेतृत्व में जिला मुख्यालय से आई टीम ने भाटापारा के नव्या सुपर मार्केट को निशाने पर लिया। यहां पहली ही नजर में हुई जांच में किंग्स सोयाबीन ऑयल को संदेहास्पद पाया गया। इसके सैंपल लिए गए हैं। जांच के दौरान लाइसेंस की भी स्थिति देखी गई। जिला मुख्यालय के प्रतिष्ठित संस्थान अतिथि श्री बेसन सेंटर में बेचे जा रहे बेसन में मिलावट की आशंका पर इसका भी सैंपल लिया गया है।
भाटापारा बलोदाबाजार के दो प्रतिष्ठानों में दबिश के दौरान लिए गए खाद्य तेल और बेसन का सैंपल जांच के लिए विभाग की प्रयोगशाला में भेजा गया। जांच रिपोर्ट मिलने के बाद भारतीय खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम के तहत कार्यवाही की जाएगी।
बलौदाबाजार के खाद्य सुरक्षा अधिकारी उमेश वर्मा कि पर्व को ध्यान में रखते हुए भाटापारा और बलौदाबाजार की एक-एक प्रतिष्ठानों से खाद्य तेल और बेसन का सैंपल लिया गया है। प्रयोगशाला की रिपोर्ट मिलने के बाद आगे की कार्यवाही की जाएगी।