
कांग्रेस नेता अब्दुल हैदर (फोटो सोर्स- पत्रिका)
Abdul Haider Arrest News: एक ही जमीन कई लोगों को बेचने का झांसा देकर लाखों रुपये एडवांस लेने के आरोप में फरार कांग्रेस नेता और जमीन कारोबारी अब्दुल हैदर की गिरफ्तारी को लेकर गुरुवार को नगर में चर्चाएं तेज रहीं। बिलासपुर में कोर्ट में सरेंडर करने और पुलिस द्वारा उसे बलौदाबाजार लाने की खबर फैलने से पीड़ितों में उम्मीद जगी, लेकिन बाद में यह चर्चा अफवाह साबित होने पर लोगों में निराशा और आक्रोश नजर आया। अब्दुल हैदर की गिरफ्तारी नहीं होने से पुलिस की कार्रवाई पर भी सवाल उठने लगे हैं। नगर और जिले के कई बड़े मामलों में पुलिस की तत्परता की सराहना होती रही है, लेकिन इस मामले में तीन माह बाद भी कार्रवाई किसी नतीजे तक नहीं पहुंच सकी है।
पुलिस को मिली शिकायत के अनुसार, 1 जुलाई 2026 को राजेश्वर बंजारे ने कोकड़ी रोड स्थित जमीन खरीदने के लिए अब्दुल हैदर को 20 लाख रुपये दिए थे। आरोपी ने 7 जुलाई को रजिस्ट्री कराने का आश्वासन दिया था। विश्वास दिलाने के लिए उसने हस्ताक्षरयुक्त खाली चेक भी दिया था, लेकिन तय तारीख पर रजिस्ट्री नहीं हुई। बाद में पता चला कि आरोपी 6 जुलाई को ही बलौदाबाजार छोड़कर चला गया था।
इस मामले में रजनी साहू, निश्चल जैन, सुहैल खान, मुस्ताक चौहान और प्रीतेश केशरवानी सहित अन्य लोगों ने भी शिकायतें की थीं। पार्षद शेख सलमान की शिकायत पर एफआईआर दर्ज होने और अन्य शिकायतों पर कार्रवाई नहीं होने को लेकर पीड़ित सवाल उठा रहे हैं। उनका कहना है कि सभी शिकायतों पर समान रूप से कार्रवाई होनी चाहिए।
पीड़ितों ने अब्दुल हैदर के कथित वित्तीय लेनदेन और जिन बैंक खातों में रकम ट्रांसफर हुई है, उनकी जांच की मांग की है। साथ ही, उसकी हवाई यात्राओं से जुड़े तथ्यों की भी पड़ताल करने की अपेक्षा जताई है।
शिकायतकर्ताओं के अनुसार, 6 जुलाई को बलौदाबाजार छोड़ने के दौरान बिलासपुर रेलवे स्टेशन पर अब्दुल हैदर के साथ एक अन्य व्यक्ति भी मौजूद था। उन्होंने उस दिन के स्टेशन के सीसीटीवी फुटेज की जांच कर साथ मौजूद व्यक्ति की पहचान करने और संभावित सुराग जुटाने की मांग की है। पीड़ितों ने पुलिस प्रशासन से सभी शिकायतों पर निष्पक्ष और पारदर्शी कार्रवाई कर न्याय दिलाने की मांग की है।
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.
Updated on:
27 Nov 2026, 3:37 PM IST
Published on:
27 Nov 2026, 3:37 PM IST
बड़ी खबरें
View Allबलोदा बाज़ार
छत्तीसगढ़




