
बलौदाबाजार. छत्तीसगढ़ के बलौदाबाजार में रोंगटे खड़े कर देने वाला सड़क हादसा सामने आया है। जिसमें दो युवकों की दर्दनाक मौत हो गई। हादसा इतना दर्दनाक था कि दोनों युवकों के चेहरे बुरी तरह कुचल गए। पुलिस ने दोनों के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
दरअसल, घटना मंगलवार रात बलौदाबाजार के कुकुरदी बायपास के समीप बलौदाबाजार मार्ग की है, जहां तेज रफ्तार बेकाबू ट्रक द्वारा बाइक सवार दो युवकों को चपेट में लेकर कुचलने से दोनों युवकों की तड़प-तड़पकर घटनास्थल पर ही मौत हो गई। दुर्घटना के पश्चात ट्रक के कुकुरदी बायपास मार्ग की ओर भाग जाने की शंका जताई गई है।
घटना से आक्रोशित ग्राम छुईहा के निवासियों ने बुधवार की सुबह बलौदाबाजार मुख्य मार्ग पर दोनों युवकों के शव को रखकर प्रदर्शन करते हुए चक्काजाम कर दिया। प्रदर्शन की जानकारी मिलते ही बड़ी संख्या पुलिस बल और आला अफसर पहुंच गए। अफसरों ने इस सड़क हादसे में आरोपी को शीघ्र गिरफ्तार करने और मृतक के परिजनों को मुआवजा देने का आश्वासन दिया। इसके बाद ग्रामीणों ने आंदोलन समाप्त किया।
ये है पूरा मामला
जानकारी के अनुसार ग्राम छोटा छुईहा निवासी राजेन्द्र कुमार उर्फ पकलू पिता चंद्रकुकार घृतलहरे (22) तथा हरिकृष्ण उर्फ बिलवा पिता जुगउ मिरी (26) मंगलवार शाम 8 बजे मोटर सायकल हीरो डीलक्स क्रमांक सीजी 04 जेड डी 2079 से गांव की ओर लौट रहे थे। इसी दौरान कुकुरदी बायपास मार्ग के समीप पीछे से आ रहे बेकाबू तेज रफ्तार 10 पहिया ट्रक द्वारा मोटर सायकल को टक्कर मारकर फरार हो गया।
मोटर सायकल सवार दोनों युवकों ने जबरदस्त संघातिक चोट पहुंचने से घटनास्थल पर ही दम तोड़ दिया। दुर्घटना के संबंध में मृतकों के परिजनों ने सिटी कोतवाली पुलिस थाना में शिकायत दर्ज कराए जाने पर पुलिस ने अज्ञात ट्रक और उसके चालक के खिलाफ प्रकरण दर्ज कर लिया है। पुलिस इस सड़क हादसे को लेकर छानबीन कर रही है।